देर रात कोल इंडिया के लगभग 2.18 लाख कोयला कर्मियों को दुर्गा पूजा का तोहफा कितना होगा, इसका निर्णय हो गया। काफी कयासों का बाद इस वर्ष 1.03 लाख रुपए बोनस पर मुहर लगाई गई है। पिछले लगभग दो दशक के रिकॉर्ड पर गौर करें तो 2007 में COAL INDIA 6000 बोनस दिया था, जो इन 18 वर्षों से 97 हजार बढ़े। पिछले साल 93,750 रुपए थे, जिसकी तुलना में 9 हजार 250 रुपए अधिक होकर इस वर्ष 1.03 लाख बोनस प्रदान किए जाएंगे। कोयला कर्मचारियों में हर्ष की लहर है।
नईदिल्ली। गुरुवार की आधी रात कोयला कामगारों के पीएलआर (PLR) यानी बोनस पर मुहर लगा दी गई। 2025 के लिए एक लाख तीन हजार रुपए बोनस तय किया गया है। समझौता पत्र पर हस्ताक्षर भी कर दिए गए हैं।
कोल इंडिया (CIL) के जेबीसीसीआई- XI की मानकीकरण समिति (Standardization Committee) की छठवीं बैठक गहमागहमी वाली रही। गुरुवार शाम 5 बजे करीब बैठक शुरू हुई।
सीआईएल प्रबंधन ने 2024- 25 के कामकाज और वित्तीय स्थिति की रिपार्ट प्रस्तुत की। पहले ठेका श्रमिकों के बोनस (Bonus) पर चर्चा की गई। इसके बाद सीआईएल प्रबंधन ने स्थाई कामगारों के लिए 90 हजार 800 रुपए बोनस का प्रस्ताव रखा। यूनियन प्रतिनिधियों ने इसे खारिज कर दिया। एचएमएस, इंटक ने तो डेढ़ लाख रुपए तक की मांग रखी।
सीआईएल प्रबंधन 98500 पर अड़ गया। यूनियन ने 1.30 लाख रुपए की मांग रखी। इस बीच श्रमिक प्रतिनिधियों ने दो बार बैठक से वॉकआउट किया। प्रबंधन नेताओं को मनाने में लगा रहा। कुछेक नेताओं ने कहा कि कल बात करेंगे।
अंततः आधी रात को तीसरी बार बैठक शुरू हुई और एक लाख तीन हजार रुपए पर जाकर सहमति बनी। बोनस का लाभ सीआईएल और एसीसीएल के स्थाई कामगारों को मिलेगा।
26 सितम्बर, 2025 को निर्धारित पीएलआर यानी बोनस राशि का भुगतान हो जाएगा। 2024 के मुकाबले 2025 में बोनस राशि में 9,250 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 2024 में 93,750 रुपए बोनस का भुगतान हुआ था।
कोल इंडिया की एसईसीएल कंपनी के अंतर्गत कोरबा जिले में गेवरा, कुसमुंडा, और दीपका जैसे तीन बड़े माइंस हैं। कुल 36 हजार कर्मचारियों में से लगभग 11 हजार कर्मचारी एसईसीएल की खदानों में काम कर रहे हैं।
18 साल में बढ़ी इतनी राशि
कोयला कर्मियों के बोनस में लगातार बढ़ोत्तरी होती रही और 18 साल की अवधि में इस वर्ष यह राशि 103000 (एक लाख तीन हजार) हजार पहुंच गई। बात वर्ष 2007 से करें, तो इस दौरान कर्मियों को मात्र छह हजार रूपये बोनस के रूप में दिया गया। इसके बाद 2008 में 8350, वर्ष 2010 में 15 हजार दिया गया। वही वर्ष 2011 में छह हजार की बढ़ोत्तरी हुई, तो वर्ष 2013 व 2015 में 8500 रूपये की बढोत्तरी हुई, इसके बाद तीन से चार हजार की बढ़ोत्तरी हुई। इसके बाद वर्ष 2023 में 8500 रूपये की बढ़ोत्तरी कर बोनस की राशि 85000 रुपए और बीते वर्ष यानि वर्ष 2024 में नियमित कोयला कर्मचारियों के लिए 8750 रुपए की बढ़ोतरी 93,750 रुपए बोनस की राशि प्रदान की गई थी।