मेडिकल स्टूडेंट्स ने जाना गर्मी में बढ़ते हीट वेव और ग्लेशियर के टूटने के कारण और परिणाम
कोरबा। विज्ञान हमें ब्रह्मांड और दुनिया से जुड़ी जानकारी मुहैया कराता है। विज्ञान हमें अंधविश्वासों से भी बचाता है। यहां विज्ञान अपने आविष्कार से हमारे जीवन को सरल और आसान बनाता है। इस विज्ञान को समझने और उससे जुड़े रहस्यों को जानने को लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज में पॉपुलर साइंस लेक्चर का आयोजन किया गया। मेडिकल स्टूडेंट्स के साथ शिक्षकों को भी इस लेक्चर के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया कि जीवन में वैज्ञानिक जिज्ञासा और जानकारी होना क्यों जरूरी है। विज्ञान को हम जितना जानते हैं, यह कहीं उससे आगे है।
सरल तरीके से छात्रों ने समझे विज्ञान के रहस्य
पॉपुलर साइंस लेक्चर में छात्रों की न सिर्फ जिज्ञासा को शांत किया गया, बल्कि कौन सी बात वैज्ञानिक है, कौन सी नहीं है। इसका ज्ञान कैसे करना चाहिए इसकी भी जानकारी दी गई। इस लेक्चर को सुनने के लिए मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स के साथ प्रबंधन, प्राध्यापक भी मौजूद रहे। विज्ञान के गूढ़ रहस्यों को सरल तरीके से समझाने के लिए छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर विश्वास मेश्राम इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
पहाड़ों के ग्लेशियर पिघल रहे हैं
छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष विश्वास मेश्राम ने बताया कि जीवन के लिए वैज्ञानिक चेतना बेहद जरूरी है। जीवन के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण क्या होता है और क्या नहीं होता है। यह जानने की भी जरूरत है। हमें अपने जीवन में इस सोच का विकास करना चाहिए। श्री मेश्राम ने बताया कि हमारे सभा में कार्यरत वैज्ञानिक भी हैं, जो इस विषय को लेकर बेहद चिंतित रहते हैं कि पहले जो हीट वेव 38 डिग्री सेल्सियस तापमान में चलती थी। अब गर्मियों के मौसम में वह 40 से 48 डिग्री तक जा रही है। पहाड़ों के ग्लेशियर पिघल रहे हैं।
यह जानना भी जरूरी है कि हमें क्या नहीं करना है, आने वाले कल की चिंता करनी चाहिए: विश्वास मेश्राम
क्या हम ऐसी पृथ्वी अपनी आने वाली पीढ़ी को देना चाहेंगे, या हम इसकी सेहत में कुछ सुधार कर सकते हैं। इन विषयों को लेकर लोगों में जागरूकता होनी चाहिए। लोगों को आने वाले कल की चिंता करनी चाहिए। विज्ञान क्या है, वैज्ञानिक दृष्टिकोण क्या होता है। यह समझने के लिए यह जानना भी जरूरी है कि हमें क्या नहीं करना है। विश्वास मेश्राम, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा
हमें स्ट्रेस को भी कम करना है, इसलिए पुस्तक से बाहर की दुनिया को भी समझें: अधीक्षक डॉ गोपाल कंवर
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ गोपाल कंवर ने कहा कि हम मेडिकल की पढ़ाई में जिस विज्ञान की पढ़ाई करते हैं, विज्ञान सिर्फ वहीं तक समिति नहीं है। इसकी पहुंच बहुत दूर तक है। विज्ञान इससे कहीं आगे की बात करता है। हमें स्ट्रेस को भी कम करना है, इसलिए किताबों से बाहर की दुनिया को समझना भी जरूरी है।