कटघोरा/छुरीकला। अटल परिसर निर्माण और मूर्ति स्थापना कार्य का भुगतान पाने चक्कर काट रहे एक ठेकेदार ने थक हारकर ने अपने ही हक के लिए ‘आमरण अनशन’ शुरू कर दिया। अनशन के एक ही दिन में विभाग बैकफुट पर आ गया। पत्र जारी कर आज यानी बुधवार 11 फरवरी को शत प्रतिशत भुगतान करने का वादा करते हुए ठेकेदार से अनशन समाप्त करने की गुजारिश की है।
नगर पंचायत छुरी कला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने लिखा है कि उपअभियंता के द्वारा प्रस्तुत बिल के आधार पर दिनांक 11.02.2026 को देयक का लेखा परीक्षण उपरांत कार्यालय अवधि में शतप्रतिशत भुगतान की कार्यवाही की जावेगी। अतः आपके द्वारा अटल परिसर के सामने किये जा रहे आमरण अनशन को तत्काल समाप्त करें।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में अग्रवाल एजेंसी कटघोरा को नगर पंचायत छुरीकला के अंतर्गत ‘अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना’ का कार्य सौंपा गया था। 20 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को ठेकेदार अनिल अग्रवाल ने अनुबंध की शर्तों के अनुसार समय पर पूरा कर दिया। परिसर का लोकार्पण और हैंडओवर हुए भी 6 माह बीत चुके, लेकिन अब तक केवल 40 प्रतिशत राशि का ही भुगतान किया गया है। शेष 12 लाख रुपये के लिए ठेकेदार दफ्तरों के चक्कर काटने मजबूर किया गया। बार-बार की गुहार अनसुनी होने के बाद अनिल अग्रवाल ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 9 फरवरी 2026 तक भुगतान नहीं हुआ, तो वे अनशन करेंगे। वादे के मुताबिक, आज 10 फरवरी से वे श्रद्धेय अटल जी की प्रतिमा के सामने आमरण अनशन पर बैठ गया।