कोरबा। ठेकेदार संघ ने पार्षद निधि वर्ष 2024, 2025 का लंबित भुगतान यथाशीघ्र हो सके, इसे लेकर नगर निगम कोरबा के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ठेकदारों का कहना है कि 37 ठेकेदारों का शेष 201.00 लाख का भुगतान अब तक लंबित है।
इस संबंध में नगर निगम कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष असलम खान ने नगर निगम कोरबा के आयुक्त को पत्र लिखते हुए अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2024, 2025 पार्षद निधि की 50% प्रतिशत राशि नगर पालिक निगम कोरबा को 09/12/2024 को राज्य सरकार से प्राप्त हुई थी, जिससे केवल 32 ठेकेदारों को ही भुगतान हो पाया है। शेष रह गए 37 ठेकेदारों का भुगतान अब तक लंबित है। कुल राशि 201.00 लाख राज्य सरकार ने नगर निगम कोरबा 09/12/2024 को प्रदान किया था। शेष 201.00 लाख की राशि आज दिनांक तक अप्राप्त है। 30 दिन पूर्व भी उन्होंने ठेकेदार साथियों के साथ नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया था। तब जाकर उन्होंने उपयोगिता प्रमाण पत्र दिनांक 21/01/2026 को बना के संचालक नगरीय प्रशासन को भेजा। परंतु आज दिनांक तक किसी भी प्रकार की राशि निगम को प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही जिस मद की जो राशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है, उसे उसी मद में खर्च करने हेतु अधिकारियों ठेकेदार संघ को कहा गया है, पर सवाल ये है कि 14 महीने बाद भी राशि लाने को निगम प्रशासन ने रुचि नहीं दिखाई है। कई फाइलें, चेक सेक्शन में भुगतान हेतु लंबित है और किसी को कोई सरोकार ही नहीं दिख रहा।
उन्होंने लिखा है कि हम ठेकेदारों को कई दायित्वों का निर्वाह करना होता है। कई बार अकाउंट एवं निर्माण शाखा प्रमुखों को अवगत करवाया गया है लेकिन उनका व्यवहार असामान्य प्रतीत होता है।
उन्होंने आयुक्त से आग्रह किया है कि इस विषय पर संज्ञान लेते हुए यथाशीघ्र भुगतान कराने के प्रयास किए जाएं।