स्वीप कार्यक्रम के तहत कमला नेहरु काॅलेज के मतदाता साक्षरता क्लब में व्याख्यान आयोजित, प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि मतदान न केवल हमारा अधिकार है, अपितु अपने देश-समाज व क्षेत्र के लिए योग्य जनप्रतिनिधि का चयन स्वयं कर पाने की शक्ति भी है। इसलिए युवा अपनी शक्ति को पहचानें।
कोरबा। सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए जिस शक्ति की सबसे ज्यादा जरुरत है, वह हमारे युवाओं के हाथ में है। हमारे देश के इस यूथ पावर को सही दिशा देने के लिए ही भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मतदाता साक्षरता क्लब (ईसीएल) का कांसेप्ट दिया है। शिक्षण संस्थाओं में गठित इन क्लबों के माध्यम से नए मतदाताओं को जागरुक करने के साथ उन्हें मतदान की शक्ति से अवगत कराना और देश विकास में युवाओं की ताकत को सही दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि कमला नेहरु महाविद्यालय परिवार ने जिला प्रशासन के हर मिशन में सदैव ही अग्रणी बनकर योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि स्वीप कार्यक्रम में जिले से दस हजार युवाओं को जोड़ने लक्ष्य हासिल करने हर संभव सहयोग प्राप्त होगा।
यह बातें गुरुवार को स्वीप कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कमला नेहरु काॅलेज में गुरुवार को मतदाता साक्षरता क्लब (ईसीएल) द्वारा आयोजित व्याख्यान को संबोधित करते हुए कहीं। मुख्य वक्ता की आसंदी से श्री सिंह ने आगे कहा कि एसआई के अंतर्गत भी इसी माह 22 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना है। इसलिए सूची में आपका नाम, आपके मित्र या परिवारजनों के नाम शामिल हुए या नहीं, यह सुनिश्चित कर लें। अपने क्षेत्र के बूथ लेवल आफिसर से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि आप स्वयं भी एप के माध्यम से पुष्टि कर सकते हैं कि उनका नाम सूची में प्रदर्शित हो रहा है या नहीं। इस अवसर पर प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि मतदान न केवल हमारा अधिकार है, अपितु अपने देश-समाज व क्षेत्र के लिए योग्य जनप्रतिनिधि का चयन स्वयं कर पाने की शक्ति भी है। इसलिए युवा अपनी शक्ति को पहचानें। देश की आधे से अधिक आबादी यूथ है। इसलिए देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक ले जाने में युवा शक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस के जिला संगठक वायके तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रुप से प्राध्यापकगणों में एके सोनी, वेदव्रत उपाध्याय, गोविंद माधव उपाध्याय, अतिथि प्राध्यापक प्रीति महंत, विशुभा सिंह, स्वीप कैंपस एम्बेसडर मुस्कान राजपूत एवं देवांश कुमार तिवारी समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







