महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य में कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में योनेक्स सनराइज 24वीं छग स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 का आगाज, विशिष्ट अतिथि रहे निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन।
कोरबा। स्वस्थ और सशक्त समाज से ही देश समृद्ध बनता है। खेल के माध्यम से जिले में सेहतमंद नागरिकों के निर्माण की कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के बैनर तले चलाई जा रही मुहिम एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के इस भवन में दिखाई दे रही है। आज खिलाड़ियों के इस कुंभ में आकर काफी अच्छा लग रहा है। खासकर इन वरिष्ठ खिलाड़ियों को उत्साह के साथ इस कोर्ट में डटे देखकर काफी हर्ष हो रहा है। खेल को संवारने और सहेजने के लिए यहां काफी मेहनत की जा रही है। इसके लिए संघ की पूरी टीम बधाई की पात्र है।
यह बातें महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सोमवार को कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (KDBA) के तत्वावधान में आयोजित योनेक्स सनराइज 24वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहीं। उन्होंने आगे कहा कि कोरबा के बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से प्रदेश-देश ही नहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले को गौरवान्वित कर रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहे निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया और टूनार्मेंट में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन प्रस्तुत करने प्रेरित किया। उन्होंने खेलों में कोरबा को प्रोत्सहित करने की दिशा में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मंच पर पूर्व अपर आयुक्त व कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के संरक्षक अशोक शर्मा, संघ के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल, कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव मनीष कुमार, नेशनल रेफरी प्रताप भट्टाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा, महेश गुप्ता, डाॅ राजीव सिंह, डॉ शिरीन लाखे, भूषण उरांव, जोगेश सामंतो, सुधीर रेगे समेत अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बाक्स
75 प्लस समेत 79 ईवेंट, पहले दिन 40 मैच खेले गए
23 से 27 फरवरी के बीच आयोजित इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के कुल बैडमिंटन में होंगे 79 ईवेंट के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इनमें इनमें 35 प्लस से लेकर 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मैच होंगे। कुल 301 मैच होंगे जिसके पहले दिन 40 मैच खेले गए। महिला एवं पुरुष सिंगल्स, डबल्स, मिक्स्ड डबल्स की प्रतियोगिताएं होंगी। सबसे खास बात यह कि चैंपियनशिप में 70 और 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच भी तगड़ी जोर-आजमाइश देखने को मिलेगी।