Home छत्तीसगढ़ पुस्तक वह मित्र है, जिसे हाथ में थाम लें तो कभी आपको...

पुस्तक वह मित्र है, जिसे हाथ में थाम लें तो कभी आपको किसी के पांव नहीं पकड़ने पड़ेंगे: आशुतोष पांडेय

130
0

कमला नेहरु महाविद्यालय कोरबा में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, आयुक्त आशुतोष पांडेय मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में सभापति नूतन सिंह ठाकुर रहे मौजूद, आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि- उच्च शिक्षा में छग देश की अग्रणी पंक्ति में है, इसमें केएन काॅलेज की भी बड़ी भूमिका है। विशिष्ट अतिथि रहे नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि- जब विद्यार्थी खड़ा हो जाता है, तब क्रांति आती है।


कोरबा। मैं नवोदय विद्यालय का विद्यार्थी रहा हूं और काफी कठिनाइयों में अपनी शिक्षा पूरी की। समय ने मुझे सिखाया कि पुस्तक वह मित्र है, जिसे आप अगर अपने हाथ में थाम लें तो आने वाले कल में आपको कभी किसी के पांव नहीं पकड़ने पड़ेंगे। मुझे खुशी है कि कोरबा की इस प्रथम उच्च शिक्षण संस्था में यह सबक भली-भांति सिखाया जा रहा है और इस मंच से पुरस्कृत-सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राएं यह साबित कर रहे हैं। सिर्फ पढ़ना काफी नहीं, अपने भीतर एक ऐसी रुची विकसित करें, कि आस-पास के 50 लोग आपको पहचानें। अध्ययन-अध्यापन के साथ यह महाविद्यालय खेल-संस्कृति व अन्य गतिविधियों में भी अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा निखार रहा है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हमारा छत्तीसगढ़ देश की अग्रणी पंक्ति में आ चुका है। मुझे यह कहते हुए गर्व और हर्ष हो रहा है कि राज्य को इस लेवल पर ले जाने में कमला नेहरु महाविद्यालय कोरबा की भी बहुत बड़ी भूमिका है।

यह बातें शनिवार को कमला नेहरु महाविद्यालय कोरबा में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रहे नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय (आईएएस) ने कहीं। श्री पांडेय ने आगे कहा कि इस मंच से युवाओं को यह बात मैं प्रमुखता से कहना चाहूंगा कि विद्या एकमात्र ऐसा खजाना है, जिसे जितना खर्च करें, वह उतना ही बढ़ता है। ज्यादातर विद्यार्थी डाॅक्टर-इंजीनियर या प्रशासनिक अफसर बनना चाहते हैं पर कोई राजनेता और सफाईकर्मी नहीं बनना चाहता। मैं यह बता दूं सफाईकर्मी कोई कूड़ेवाला नहीं, बल्कि कूड़ेवाला तो हम हैं, जिनका कचरा समेटकर वे हमारे घर-परिवेश को निर्मल करते हैं। उसी तरह एक राजनीतिज्ञ हमें, हमारे समाज, शहर-राज्य और देश को विकास के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। ऐसे विकासपरक विचार रखने वाले राजनेता, कमला नेहरु महाविद्यालय का एक पूर्व छात्र व नगर निगम कोरबा के युवा सभापति नूतन सिंह ठाकुर हमारे बीच आज इस मंच पर विशिष्ट अतिथि के रुप में विराजमान हैं। मैं इस मंच पर आकर गौरवान्वित हूं और आभार व्यक्त करता हूं कि महाविद्यालय परिवार की ओर से मुझे इस उत्सव में शरीक होने का अवसर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के बीच अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत व राजकीय गीत का सामूहिक गान किया गया। स्वागत-अभिनंदन उपरांत प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर गत दो वर्षों की उपलब्धियों के साथ महाविद्यालय की स्थापना का संक्षिप्त परिचय दिया। इसके बाद विभिन्न सत्रों में विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों, रक्तदान, स्वीप अंतर्गत नुक्कड़ नाकट, खेल-कूद व अन्य स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से श्री पांडेय व श्री ठाकुर को शाॅल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मंचासीन अतिथियों में नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कमला नेहरु महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष डाॅ आरसी पांडेय, सचिव सुरेंद्र लाम्बा, सहसचिव उमेश लाम्बा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से समिति के पूर्व अध्यक्ष डाॅ आरएन पांडेय, समिति के सदस्य व पूर्व नगर निगम आयुक्त अशोक शर्मा, अरविंद साहू, पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, आडाणी के जनसंपर्क अधिकारी अतुल गुप्ता, पत्रकार रवि पी सिंह, प्राध्यापक, कर्मी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन समिति के सचिव सुरेंद्र लाम्बा व मंच संचालन अंग्रेजी के विभागाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने किया।


जब विद्यार्थी खड़ा हो जाता है, तब क्रांति आती है: सभापति नूतन सिंह ठाकुर

विशिष्ट अतिथि रहे नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कमला नेहरु महाविद्यालय परिसर और यहां एक शताब्दि से भी अधिक समय से अडिग खड़ा पुरातन भवन एक अतुल धरोहर है। इसे सहेजने का दायित्व निभाने के साथ-साथ शिक्षा-दीक्षा प्राप्त कर रहे आप सभी छात्र-छात्राएं सौभाग्यशाली हैं। मुझे यह कहते हुए गर्व है कि मैंने यहां पढ़ाई की। गुरुजनों से मिली अनुशासन और लीडरशिप की सीख ने मुझे उस मुकाम पर पहुंचाया कि आज मैं इस मंच पर बोलने के काबिल बन सका। आप सभी युवाओं से यही कहना चाहूंगा कि जब विद्यार्थी खड़ा हो जाता है, तब क्रांति आती है। इसलिए अपनी शक्ति पहचानें, खुद को लक्ष्य दें और अपने महाविद्यालय, कोरबा छत्तीसगढ़ व विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।


हमारे परीक्षा परिणाम ही कमला नेहरु महाविद्यालय की उत्कृष्टता का परिचय करा रहे हैं: अध्यक्ष किशोर शर्मा

कमला नेहरु महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि आधी शताब्दि पहले इस रानी महल में एक पौधा लगाया गया था, जो इस महाविद्यालय के रुप में आज एक विशाल वृक्ष की तरह लहलहा रहा है। उत्कृष्टता हमारी पहचान है। यह हम स्वयं नहीं कहते, बल्कि हमारे परीक्षा परिणाम, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने वाले खिलाड़ी एवं विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में दर्ज होने वाले हमारे विद्यार्थियों की सफलता ही कमला नेहरु महाविद्यालय की उत्कृष्टता का परिचय करा रहे हैं। हमारे आज के मुख्य अतिथि सुबह 5 बजे उठकर शहर के गली-कूचों, उद्यानों, बस्तियों में पहुंच जाते हैं, ताकि हमारा शहर स्वच्छ-निर्मल हो और स्वच्छता में देश का नंबर एक शहर बनाया जा सके। शहर को विकास के मार्ग पर अग्रसर रखने का विजन लेकर चल रहे ऐसे युवा प्रशासनिक अधिकारी निश्चित तौर पर युवाओं के लिए एक प्रेरक मिसाल हैं, जिनकी उपस्थित हम सभी को प्रोत्साहित कर रही है। इस मंच से मैं यह दावे के साथ कह सकता हूं कि श्री पांडेय के इस विजन को धरातल पर लाने महाविद्यालय का प्रत्येक शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी कदम से कदम मिलाकर साथ खड़ा मिलेगा।


शिक्षा संकाय के नवीन कक्ष व विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन

आयुक्त आशुतोष पांडेय एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने फीता काटकर महाविद्यालय के शिक्षा संकाय के नवीन कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने महाविद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी शुभारंभ व अवलोकन किया और 100 कंप्यूटरों से लैस भव्य प्रयोगशाला का निरीक्षण कर महाविद्यालय के संसाधनों को बेहतर करने हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं ने मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here