प्राचार्य एसके साहू, शिक्षिका साक्षी गुप्ता व 8 होनहार स्टूडेंट्स सोनम बरेठ, अक्षया वैष्णव, संजना अग्रवाल, मनन उपाध्याय, नीलाक्षी यादव, भावना जांगड़े, अंशिका तिवारी और प्रतिभा केरकेट्टा पुरस्कृत हुए।
कोरबा। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा ने रायपुर संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर 25 जून को केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री (भारत सरकार) अर्जुन राम मेघवाल ने केवि 2 एनटीपीसी के प्राचार्य एसके साहू, शिक्षिका साक्षी गुप्ता एवं 8 होनहार विद्यार्थियों को नई दिल्ली में पुरस्कृत किया। पुरस्कृत विद्यार्थियों में सोनम बरेठ, अक्षया वैष्णव, संजना अग्रवाल, मनन उपाध्याय, नीलाक्षी यादव, भावना जांगड़े, अंशिका तिवारी और प्रतिभा केरकेट्टा शामिल हैं। लोकसभा स्पीकर के किरदार में बेहतरीन भाषण और बेजोड़ लीडरशिप के लिए संजना ने व्यक्तिगत मेरिट पुरस्कार (प्रशंसा पत्र और शील्ड) 3 हासिल किया। 25 जून को जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम संसद भवन परिसर में आयोजित सत्र 2025-26 के लिए इस पुरस्कार समारोह में बताया गया कि स्पर्धा में देश भर के 200 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें केंद्रीय विद्यालय 2 एनटीपीसी की प्रतिभावान टीम ने अपने हुनर और कड़ी मेहनत से संस्था को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। जोनल स्पर्धा वाराणसी में आयोजित हुई थी, जिसमें केवि 2 एनटीपीसी की टीम ने सफलता अर्जित की।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी, कोरबा (रायपुर संभाग) के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय की टीजीटी (सामाजिक विज्ञान) श्रीमती साक्षी गुप्ता** के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को निम्नानुसार व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त हुए—
**प्रथम स्थान**
• सोनम बरेठ
**द्वितीय स्थान**
• संजना अग्रवाल
• अक्षय वैष्णव
**तृतीय स्थान**
• नीलाक्षी यादव
• भावना जांगड़े
• मनन उपाध्याय
**चतुर्थ स्थान**
• प्रतिभा करकेट्टा
• अंशिका तिवारी
इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका श्रीमती साक्षी गुप्ता एवं विद्यालय के प्राचार्य एसके साहू को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया।
पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों की संसदीय प्रक्रियाओं की गहन समझ, प्रभावशाली वक्तृत्व कला, नेतृत्व क्षमता तथा युवा संसद की कार्यवाही में आत्मविश्वासपूर्ण सहभागिता की सभी ने सराहना की। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को गर्व का विषय बताते हुए सभी सम्मानित विद्यार्थियों, शिक्षिका एवं प्राचार्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।







