रायपुर/कोरबा। जनगणना 2027 के मद्देनजर द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले 6 माह अथवा जनगणना कार्य समाप्ति तक नहीं होंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ के अवर सचिव मनोज कुमार जायसवार की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
समस्त विभागों के भार साधक सचिव, संभागायुक्त एवं जिला कलेक्टरों को निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ रायपुर से प्राप्त पत्र के अनुसार यह निर्देश जारी किए गए हैं।
इसमें कहा गया है कि जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य, छत्तीसगढ़ राज्य में माह जनवरी-फरवरी 2027 में संपादित किया जाना है। वर्तमान में, 12 अक्टूबर 2026 से जिला स्तर पर जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय स्तर पर तथा तहसील स्तर पर, चार्ज अधिकारियों का सघन प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है। इसके बाद नवंबर 2026 में मास्टर ट्रेनर्स, 01 दिसंबर 2026 से फील्ड ट्रेनर्स, 16 दिसंबर 2026 से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को, इस प्रकार, पूरे मैदानी अमले को, जनगणना 2027 द्वितीय चरण, जनसंख्या गणना की समस्त प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है।
अतः, निर्देशानुसार, अनुरोध है कि, जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सुचारु, गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध कार्य सम्पादन हेतु, राज्य के जनगणना कार्य में लगाए गए व प्रशिक्षण पा चुके, समस्त जिला एवं चार्जों में, कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी (जिला चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक इत्यादि) का स्थानांतरण, आगामी 6 माह अथवा जनगणना कार्य पूर्ण होने तक (लगभग मार्च 2026), जो भी पूर्व हो, यथासंभव स्थानांतरित न किया जाना सुनिश्चित करें।







