कोरबा-कटघोरा। दीपावली पर्व के मद्देनजर कटघोरा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन पर एक सप्ताह के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं दंडाधिकारी कटघोरा ने थाना प्रभारी कटघोरा के प्रतिवेदन के आधार पर यह आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार 2 नवंबर 2026 से 9 नवंबर 2026 तक कटघोरा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इस दौरान भारी वाहनों के आवागमन के लिए कटघोरा बायपास मार्ग से होकर जाने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने आदेश में बताया है कि दीपावली पर्व के दौरान नगर क्षेत्र में आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से भारी वाहनों के आवागमन के कारण यातायात व्यवस्था बाधित होने, सड़क पर जाम लगने तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जनसुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील है। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कोरबा, अपर कलेक्टर कटघोरा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कटघोरा, जिला परिवहन अधिकारी, तहसीलदार कटघोरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा थाना प्रभारी कटघोरा सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।







