कोरबा। ऊर्जानगरी कोरबा के लिए यह गौरव का विषय है, कि जिले की अग्रणी उच्च शिक्षण संस्था शासकीय ईविपीजी महाविद्यालय कोरबा में वनस्पतिशास्त्र के सहायक प्राध्यापक डाॅ संदीप शुक्ला को विषय विशेषज्ञ के रूप में मनोनयन करते हुए केंद्रीय अध्ययन मंडल में शामिल किया गया है।
आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ की अनुशंसा के आधार पर उच्च शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा गठित केंद्रीय अध्ययन मंडल में वनस्पतिशास्त्र विषय के लिए राज्य के विषय विशेषज्ञों में डाॅ शुक्ला का मनोनयन किया गया। उनके मनोनयन की अधिसूचना छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित की गई है। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 की धारा-34 (क) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा तीन वर्षों के लिए निर्धारित की गई है, जिसमें वे संबंधित विषय पर अपने अनुभव एवं शिक्षकीय ज्ञान के माध्यम से प्रदेश की उच्च शिक्षा को बेहतर आयाम पर पहुंचाने प्रयासरत रहेंगे। उनके मनोनयन पर साथी प्राध्यापकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए क्षेत्र के लिए लाभप्रद बताया है।







