कोरबा/कुसमुंडा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 कुसमुंडा में आज मंगलवार 17 नवंबर 2026 दादा-दादी एवं नाना-नानी दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी एवं नाना- नानी एवं वरिष्ठजनों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करने के लिए प्रेरित करना तथा परिवार में उनके महत्वपूर्ण योगदान से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश कुमार गुप्ता एवं प्राथमिक विभाग की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सद्गुणा नायक एवं विद्यालय की वरिष्ट शिक्षिका श्रीमती आर.एस. साइमन जी के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं मनोरंजक गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि दादा-दादी एवं नाना- नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, स्नेह, संस्कार और मार्गदर्शन बच्चों के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। आधुनिक जीवनशैली में जहाँ परिवार के सदस्यों के बीच संवाद और साथ बिताया जाने वाला समय कम होता जा रहा है, वहीं इस प्रकार के आयोजन पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को पुनः स्थापित करते हैं।
पूरे कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन मिस प्रतीक्षा एवं मिस रश्मि द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण सहयोग रहा।
अंत में यह संदेश दिया गया कि दादा-दादी एवं नाना- नानी केवल परिवार के वरिष्ठ सदस्य ही नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, संस्कारों और जीवन के अनुभवों के सच्चे वाहक हैं। उनके प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करना ही इस दिवस की वास्तविक सार्थकता है।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पारिवारिक मूल्यों, संवेदनशीलता और पीढ़ियों के बीच आपसी जुड़ाव का सुंदर संदेश प्रसारित किया।







