सुबह 5 बजे जॉगिंग के लिए निकले और दौड़ लगाते हुए मतदान करने अपने पोलिंग बूथ पहुंच गए पॉलीटेक्निक कॉलेज में कनिष्ठ इंस्ट्रक्टर अनिल कुमार मिश्रा…
कोरबा(theValleygraph.com)। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान का उत्साह नजर आ रहा है। इसकी बानगी मंगलवार की सुबह विभिन्न पोलिंग बूथों पर नजर आई। इनमें से एक परिवार NTPC कॉलोनी के शक्तिनगर मतदान केंद्र में सबसे पहले पहुंचा। वार्ड 56, बालगीरोड निवासी 53 वर्षीय अनिल दास अपनी धर्मपत्नी वर्षीय श्रीमती शकुंतला के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। अनिल बालको (FEEDBACK) कर्मचारी हैं और सुबह साढ़े आठ बजे उनकी ड्यूटी है। इसलिए वे सुबह स्नान ध्यान कर सुबह सवा सात बजे ही केंद्र पहुंच गए।
उनके बाद ही इस केंद्र में 57 वार्ड निवासी NTPC कर्मी सुभाषचंद्र सिंह व उनकी पत्नी श्रीमती सिया कंवर ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके पीछे एनटीपीसी कॉलोनी नर्मदा विहार में रहने वाले अनुभव तिवारी अपनी माताजी भुनेश्वरी तिवारी के साथ वोटिंग के लिए आए।
मतदान हर भारतीय की जिम्मेदारी, राष्ट्रधर्म के प्रति सच्ची निष्ठा और कर्तव्य है : अनिल कुमार मिश्रा
इन सब के बीच अनिल कुमार मिश्रा सबसे ज्यादा उत्साहित करने वाले उदाहरण बनकर पेश हुए, जो सुबह की जॉगिंग के लिए भोर में 5 बजे ही सैर के लिए निकले और दौड़ते हुए पहुंच गए मतदान केंद्र। अनिल कुमार मिश्रा पॉलीटेक्निक कॉलेज में कनिष्ठ इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए मतदान सिर्फ एक कर्ज और ज़िम्मेदारी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रधर्म के प्रति सच्ची निष्ठा का कर्तव्य भी है। उन्होंने बस वही किया, जो हर भारतीय को जरूर करना चाहिए।