वर्षों पुराने और जर्जर हो चले मकानों में नियमित रखरखाव के अभाव के चलते वक्त बे वक्त छत के प्लास्टर गिरने की घटनाएं कई बार चोटिल होने की संभावना बन जाते हैं। एक ऐसा ही मामला कुसमुंडा क्षेत्र से सामने आया है। एसईसीएल कुसमुंडा कॉलोनी में एक मकान की छत का प्लास्टर गिरा। सौभाग्य से घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने कई बार इसकी शिकायत की थी, पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कोरबा। कुसमुंडा के आदर्श नगर में एसईसीएल कॉलोनी के एक मकान की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि मकान नंबर बी – 476 में हुई इस घटना के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
कर्मचारियों का कहना है कि मकानों की मरम्मत के लिए सिविल विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण सुधार या मरम्मत की कोई पहल नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन मकानों की मरम्मत नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। विभाग को तुरंत इस ओर ध्यान देकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
जर्जर हो चुके मकानों में पहले भी हो चुकी है घटनाएं
कर्मियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब एसईसीएल कॉलोनी में इस तरह की घटना हुई हो। पहले भी कई बार मकानों के छज्जे और प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ लोग घायल भी हो चुके हैं। SECL कॉलोनी के लोगों ने बताया कि केवल आदर्श नगर ही नहीं, बल्कि नेहरू नगर व विकास नगर की स्थिति भी काफी खराब है। यहां के कई मकान जर्जर हो चुके हैं और कभी भी ढह सकते हैं। इसके बावजूद सिविल विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।