कोरबा। सूरज की तपिश बढ़ रही है। इसके साथ ही एक एक अंक की बढ़त लेकर पारा चढ़ रहा है। मौसम का मिजाज गर्म तो है ही, साल 2024 के मुकाबले 30 मार्च 2025 की स्थिति में 2 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग से जारी आंकड़ों में रविवार का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बीते वर्ष इसी तिथि को कोरबा में न्यूनतम 20 और अधिकतम 35 डिग्री दर्ज किया गया था। 2 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा तथा हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। हालांकि 2 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा तथा हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम सारांश में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.4°सी रायपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.6°सी अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम के बारे में प्राप्त जानकारी अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु तक बनी द्रोणिका अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से दक्षिण तमिलनाडु और उसके आसपास के आंतरिक महाराष्ट्र और आंतरिक कर्नाटक के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है।
सोमवार 31 मार्च के लिए पूर्वानुमान पर गौर करें तो प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दष्टिकोण/आउटलुक (2 दिनों के बाद): प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा तथा हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान (लोकल फोरकास्ट फॉर रायपुर सिटी):- 31 मार्च को आकाश साफ़ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41°सी और 24°सी के आसपास रहने की संभावना है।