कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा शहर के रिसदी में नवनिर्मित कन्वेन्शन सेंटर के नामकरण, प्रतिमा अनावरण और 223 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर का नाम माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर करने के साथ ही प्रवेश द्वार पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज कोरबा जिले को करोड़ों रूपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इसमे 145 करोड़ रुपए के सड़क से सम्बंधित कार्य शामिल भी है। इससे जिले में आवागमन बेहतर होगा और कोरबावासियों को भी इसका समुचित लाभ मिलेगा। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर को वातानुकूलित बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि कन्वेन्शन सेंटर बहुत बड़ा है और इसमे अनेक बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। कोरबावासियों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने हाऊसिंग बोर्ड द्वारा निर्मित कन्वेन्शन सेंटर की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे छः माह पहले भी कोरबा आये थे,इस दौरान भी 600 करोड़ से अधिक की राशि के विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें दी गई। आज सवा दो सौ करोड़ के विकास कार्यों की सौगात से कोरबा के लोगो को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर के प्रतिमा का अनावरण भी किया है। वे इंदौर की महारानी थी और निष्पक्ष और न्यायप्रिय थी। उन्होंने देश के महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों, धार्मिक स्थलों को संवारा और पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना की आई मांग पर भी आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। कोरबावासियों को विकास कार्यों की सौगात मिलने के साथ ही कन्वेन्शन सेंटर का नामकरण माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया गया। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर की जीवन को रेखांकित करते हुए कहा कि माता अहिल्याबाई ने महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने, नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ ही देश के तीर्थ स्थानों, धार्मिक स्थलों को संवारने का काम किया। अपने राज्य की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने के साथ ही देश को आगे बढ़ाने का काम किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रतिमा अनावरण एवं नामकरण होने पर सभी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रममंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विगत 16 माह के कार्यकाल में प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने मोदी की गारंटी को पूरा कर गरीबों का कल्याण किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कुछ दिन पहले ही कोरबावासियों को 650 करोड़ रूपये से अधिक राशि के विकास कार्यों की सौगात दी थी। बजट में भी उन्होंने कोरबा जिले के विकास के लिए राशि का प्रावधान किया है। इसके साथ ही वे जनता के प्रति संकल्पित होकर राज्य को विकास की दिशा में आगे ले जा रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कोरबा जिले में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना के लिये मुख्यमंत्री से आवश्यक सहयोग की भी मांग रखी। कलेक्टर अजीत वसंत ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 223 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन होने से जिले वासियों को इसका लाभ मिलेगा। इन कार्यों में लगभग 150 करोड़ रूपये के सड़क निर्माण के कार्य भी शामिल है। सड़क, पुल-पुलिया निर्माण से दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। उन्होंने कन्वेन्शन सेंटर का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किये जाने को कोरबा जिला के लिए गौरव का विषय बताया। कलेक्टर ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के शासन, शिक्षा आदि के योगदान को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेम चंद पटेल, अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपुत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, सहित जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
प्लेन क्रैश में मृत लोगो के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुजरात से लंदन जा रही प्लेन के क्रैश होने की घटना और इसमे मृत लोगो के प्रति श्रदांजलि व्यक्त करते हुए उनके प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कोरबा को दी 223 करोड़ की सौगात, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन सेंटर को वातानुकूलित किए जाने की घोषणा भी की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने एक दिवसीय कोरबा प्रवास के दौरान जिलेवासियों को कुल 223 करोड़ 88 लाख 41 हजार रुपये की लागत से 66 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें से 16 कार्यों का लोकार्पण तथा 50 कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन सेंटर परिसर में लोकमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कन्वेंशन सेंटर को उनके नाम से समर्पित किया। साथ ही, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की मांग पर मुख्यमंत्री ने इस कन्वेंशन सेंटर को वातानुकूलित (एयर-कंडीशन्ड) किए जाने की घोषणा भी की।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मंच पर उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, कोरबा विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधानसभा के विधायक प्रेमलाल पटेल, राज्य गृह निर्माण मंडल छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत, जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ननकी राम कंवर, भाजपा कोरबा के जिला प्रभारी गोपाल साहू, प्रदेश आमंत्रित सदस्य ज्योति नंद दुबे, नगर पालिक निगम कोरबा के एमआईसी सदस्य हीतानंद अग्रवाल, जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, मनोज शर्मा, पवन गर्ग, संतोष देवांगन, भाजपा कोरबा के जिला महामंत्री टिकेश्वर राठिया, पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्रि-शासकीय कन्वेंशन सेंटर निर्माण समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रफुल्ल तिवारी, नवदीप नंदा, अजय चंद्रा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
16 लोकार्पण कार्यों में शामिल मुख्य परियोजनाएं:
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 11 कार्यों का लोकार्पण (लागत: 15.06 करोड़) – ग्राम केरवाद्वारी, डूमरडीह, कोरकोमा, कसईपाली, बारी उमरांव, कपोट, नुनेरा, कोटमर्रा, लैंगा, बेतलो और सरपता में जल जीवन मिशन के तहत एकल ग्राम योजना।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम भैसमा, कुदमुरा और पसान में 75-75 लाख रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण।
नगर निगम कोरबा के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय में 3.58 करोड़ रुपये से नवीन भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार।
क्रेड़ा विभाग द्वारा 3.20 करोड़ रुपये से 47 छात्रावासों/आश्रमों में 2.4 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना।
50 भूमिपूजन/शिलान्यास कार्यों की प्रमुख योजनाएं:
1. नगरीय प्रशासन विभाग (लागत: 15.38 करोड़)
नगर निगम कोरबा में 100 टीपीडी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट (6.66 करोड़)
दर्री जोन क्रमांक 06 में सिटी बस डिपो/टर्मिनल कॉम्प्लेक्स (5.78 करोड़)
100 बेड अस्पताल में एसएनसीयू हॉल, रैम्प, बाउंड्रीवॉल (41 लाख)
प्रशिक्षण हॉल (वार्ड 32 व 31), अयोध्यापुरी तालाब में जलसंवर्धन, रिचार्ज वेल व ऑयल-ग्रीस ट्रैपिंग
दीपका में घर-घर पेयजल सेवा हेतु सर्विस कनेक्शन, टॉवर रोड से गणेश साहू घर तक आरसीसी नाली।
2. ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग – 3.72 करोड़
ट्रेनिंग हॉल, प्रयोगशाला कक्ष, विद्यालय भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, खाद भंडारण, पुलिया निर्माण।
3. जल संसाधन विभाग – तेन्दुभाठा एनीकट (2.79 करोड़), डोमनाला स्टापडेम – उरगा (2.89 करोड़)
4. मिनीमाता बांगो परियोजना – निरीक्षण भवन (आईबी) का जीर्णोद्धार (3.02 करोड़)
5. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग – पोंड़ी उपरोड़ा से लेपरा मार्ग का पुनर्निर्माण व रिटर्निंग वॉल (1.19 करोड़)
6. अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (CREDA)
50 सोलर हाईमास्ट संयंत्र (2.68 करोड़),
50 उप स्वास्थ्य केंद्रों में 1.2 किलोवाट सोलर प्लांट (2 करोड़+)
7. लोक निर्माण विभाग (PWD) – 166.07 करोड़ की लागत से 28 कार्य, जिनमें पुल-पुलिया, सड़क, भवन व पहुंच मार्ग शामिल हैं।
नामकरण व पौधरोपण कार्यक्रम:
मुख्यमंत्री श्री साय ने कन्वेंशन सेंटर परिसर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया और कन्वेंशन सेंटर का नाम “पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन सेंटर” घोषित किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंदूरी, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मौलश्री और मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने बादाम का पौधा रोपा। अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
यह कार्यक्रम जिले के विकास के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ और जनसमर्थन के साथ जनकल्याण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।