क्रिटिकॉन रायपुर 2025 : CM विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कोरबा के चिकित्सकों को किया सम्मानित।
कोरबा। जिले के अनुभवी और ऊर्जावान चिकित्सकों ने ऊर्जानगरी कोरबा व चिकित्सा जगत को अपनी प्रतिभा से पुनः गौरवान्वित किया है। ख्यातिलब्ध वरिष्ठ चिकित्सक एवं हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ संजय पांडेय, शल्य चिकित्सक डॉ. शंकर पालीवाल और डॉ. अविनाश तिवारी को कोरबा क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत-सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान बीते दिनों रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह द्वारा प्रदान किया गया। इस कॉन्फ्रेंस में देश विदेश के चिकित्सक पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के करीब 25 डॉक्टर अपने-अपने शहरों में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। चिकित्सकों द्वारा दी जा रही उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पित कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
प्रदेश की राजधानी रायपुर में 25 एवं 26 अक्टूबर को क्रिटिकॉन 2025 का दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया था। क्रिटिकल केयर पर केंद्रित इस कॉन्फ्रेंस में कोरबा समेत प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से करीब 1200 फिजिशियन ने हिस्सा लिया। अपने-अपने शहरों में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर अमूल्य जीवन बचाने व मरीजों की धड़कनों को थामने की जिम्मेदारी निभाते आ रहे वरिष्ठ चिकित्सकों को उनके योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। चिकित्सा क्षेत्र, समाज और मानव सेवा में समर्पित होकर दशकों से यह महत्वपूर्ण दायित्व निभाते आ रहे कोरबा के ख्यातिलब्ध चिकित्सक डॉ संजय पांडेय, डॉ शंकर पालीवाल एवं डॉ अविनाश तिवारी को कॉन्फ्रेंस के मुख्य अतिथि रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इन चिकित्सकों की इस उपलब्धि से जिले में हर्ष एवं गर्व की लहर है।






