Home छत्तीसगढ़ रेल हादसा अपडेट : अब तक 8 की मौत, 16-17 घायल, अब...

रेल हादसा अपडेट : अब तक 8 की मौत, 16-17 घायल, अब भी अंदर फंसे हैं 2 यात्री, बोगी काटी जा रही, जारी किए गए घायलों के नाम

1406
0
Oplus_16908288

मंगलवार शाम 4 बजे हुए रेल हादसे में अब तक 8 की मौत, 16-17 घायल होने की जानकारी आई है। बताया जा रहा है कि अब भी दो यात्री अंदर फंसे हुए हैं, जिन्हें बाहर निकलने बोगी काटी जा रही है। प्रशासन ने घायलों के नाम जारी किए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।

बिलासपुर। मंगलवार को कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हुई। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं 16-17 लोग घायल हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। हादसा गटौरा स्टेशन के लाल खदान के पास हुआ है।

सीपीआरओ विपुल कुमार ने बताया कि घायल यात्रियों का इलाज रेलवे अस्पताल, सिम्स और अपोलो में जारी है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम ने अब तक कई यात्रियों को बोगी से सुरक्षित निकाल लिया है। पैसेंजर ट्रेन की बोगी को गैस कटर से काटा जा रहा है। बोगी में 2 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकाला जाएगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे की जानकारी ली है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 5 लाख रुपए का मुआवजा घोषित किया है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

वहीं कोरबा से बिलासपुर रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया गया है। आजाद हिंद एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस, अमरकंटक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का समय 4-5 घंटे देरी से चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here