मुख्य अतिथि रहे राज्यपाल रामेन डेका, विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा ने प्रदान किया सम्मान, छुरी कला निवासी व केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा में संगीत शिक्षक अशोक देवांगन के बड़े सुपुत्र हैं मास्टर आकर्षण देवांगन।
कोरबा। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ का 17 वां दीक्षांत समारोह दिनांक 28 जनवरी 2026 को राज्यपाल छत्तीसगढ़ रामेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा मौजूद रहे। समारोह में कोरबा के छुरी कला निवासी व केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत अशोक देवांगन के बड़े सुपुत्र मास्टर आकर्षण देवांगन को एम ए (गायन) सत्र 2021-22 के लिए पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक अर्जित करने पर 7 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। यह बड़ा ही अविस्मरणीय पल रहा। स्वर्ण पदकों में मेघराज जैन स्वर्ण पदक, श्रीमती सुनंदा चक्रवर्ती स्वर्ण पदक, श्री पद्माकर यशवंत राव बक्शी स्वर्ण पदक, स्व. श्रीमती तुलसा देवी हीरालाल जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन स्वर्ण पदक, श्रीमती शैल बाला सुरेंद्रनाथ मिश्र स्मृति स्वर्ण पदक एवं स्वर्गीय डॉ अमरेश चंद्र चौबे स्मृति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
इस अवसर पर उप कुलपति लवली शर्मा, प्रोफेसर डॉ नमन दत्त, डॉ लीकेश्वर वर्मा, डॉ दिवाकर कश्यप, डॉ जगदेव नेताम एवं विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
स्नातक में भी स्वर्ण, भजन सम्राट अनूप जलोटा से “सुरश्री” की उपाधि
विशेष उल्लेखनीय है कि आकर्षण देवांगन 3 वर्ष की उम्र से गायन की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता अशोक देवांगन से सीखते आ रहे हैं। सयाजी राव विश्वविद्यालय बड़ोदरा गुजरात से स्नातक की डिग्री हासिल करते हुए भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया और वर्ष 2019 में भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता में भी आकर्षण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और प्रख्यात भजन सम्राट अनूप जलोटा जी के हाथों सुर श्री की उपाधि से भी सम्मानित हो चुके हैं। आकर्षण देवांगन का पैतृक गांव छुरी कला जिला कोरबा है।