महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने प्रगतिनगर दर्री में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व जमनीपाली में निर्माणाधीन हाईटेक बस स्टैण्ड निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कार्य प्रगति के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश।
कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा प्रगतिनगर दर्री में निर्मित कराए जा रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व प्रतीक्षा बस स्टैण्ड जमनीपाली में निर्माणाधीन हाईटेक बस स्टैण्ड के विभिन्न निर्माण कार्यो में आवश्यक तेजी लायें तथा समयसीमा में कार्यो को पूरा करें। इस मौके पर उन्होने कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने सहित कार्यो की कार्यप्रगति के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अभियंताओं को दिये।
नगर पालिक निगम केारबा द्वारा प्रगतिनगर दर्री में भारत सरकार के अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 33 एम.एल.डी. क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्मित कराया जा रहा है, इस प्लांट के माध्यम से कोरबा शहर के 11 बडे़ नालों से उत्सर्जित प्रदूषित जल का शुद्धिकरण किया जाएगा, इससे इन 11 बडे़ नालों से निकलने वाला गंदा पानी हसदेव नदी में मिलकर उसे प्रदूषित नहीं कर पायेगा, साथ ही ट्रीटेड जल का उपयोग एनटीपीसी के द्वारा अपने संयंत्र संचालन आदि कार्यो में किया जाएगा। आज महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य की कार्यप्रगति का निरीक्षण किया तथा कार्यो में तेजी लाने व समयसीमा में कार्यो को पूरा करने के निर्देश अभियंताओ को दिये। इसी प्रकार निगम द्वारा प्रतीक्षा बस स्टैण्ड जमनीपाली दर्री में हाईटेक बस स्टैण्ड निर्माण के तहत बस डिपो का निर्माण, एडमिन बिल्डिंग निर्माण, आंतरिक अधोसंरचना विकास, सबस्टेशन की स्थापना सहित अन्य विविध कार्य कराए जा रहे हैं, जो वर्तमान में प्रगति पर हैं। महापौर श्रीमती राजपूत ने स्थल पर पहुंचकर इन सभी कार्यो की कार्यप्रगति का सघन रूप से अवलोकन किया, कार्यो को देखा तथा कार्यो में अपेक्षित गति लाते हुए समयसीमा में कार्य को पूरा करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद दीपक यादव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, सोमनाथ डेहरे, प्रमोद जगत, मुस्ताक अहमद, कौशल आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।






