कोरबा। विवेकानन्द सेवा सदन में सेवा भारती मातृछाया के तत्वावधान में सेवाभारती का पचासवां दत्तक ग्रहण कार्यक्रम अत्यंत भावपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एक परिवार को पारंपरिक गोद भराई की विधि के माध्यम से एक बालक को स्नेहपूर्वक गोद में सौंपा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतुल सिंह, महाप्रबंधक (खनन), एसईसीएल, कुसमुंडा परियोजना सपत्नीक उपस्थित रहे। उन्होंने दत्तक ग्रहण को करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए सेवाभारती के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग सह संघ चालक किशोर बुटोलिया ने सेवाभारती के विविध सेवा प्रकल्पों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन को अपने कार्यों का विस्तार प्रत्येक बस्ती तक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहाँ जैसी आवश्यकता हो, वहाँ वैसा ही सेवा कार्य प्रारंभ किया जाना चाहिए, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँच सके और सेवा पाने वाला व्यक्ति भी सेवा देने लायक़ बन सके इस पर विचार करना चाहिए ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती के अध्यक्ष एवं जिला संघ चालक डा. विशाल उपाध्याय ने की। इस अवसर पर विद्या भारती से जुड़ावान सिंह ठाकुर, नगर संघ चालक अशोक तिवारी, विभाग कार्यवाह राम विलास पाल, जिला कार्यवाह कैलाश नाहक , भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी, एम.आई.सी. सदस्य हितानंद अग्रवाल की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा में वृद्धि की इसके अतिरिक्त अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अन्य उपस्थित अतिथियों में श्री राम किशोर श्रीवास्तव जी, समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति बुटोलिया जी, सेवाभारती के सह सचिव श्री उमेश सोनी जी, संबल सेवा के संयोजक श्री निकेश अग्रवाल जी, वस्त्र सेवा की संयोजिका श्रीमती रेखा सिंह जी, सिलाई प्रशिक्षण की संयोजिका श्रीमती रीता श्रीवास्तव जी, श्रीमती कमल बत्रा जी, सुश्री शोभा अवस्थी जी एवं अन्य मातृशक्तियाँ एवं समाजसेवीजन सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवा गीत “चलो जलायें दीप वहाँ, जहाँ अभी भी अँधेरा है” का भावपूर्ण गायन श्री करुण सिंह राजपूत द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी जनों को सेवा के लिए प्रेरित किया। आभार समिति के सचिव श्री सुनील जैन जी द्वारा किया गया , कार्यक्रम का प्रभावी संचालन समिति के कोषाध्यक्ष श्री गोविंद माधव जी द्वारा किया गया।
अंत में दत्तक ग्रहण करने वाले परिवार को शुभकामनाएँ प्रदान की गईं तथा बालक के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। सेवाभारती का यह पचासवां दत्तक ग्रहण कार्यक्रम संस्था की सतत सेवा यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा ।




