Home छत्तीसगढ़ कमला नेहरू कॉलेज की छात्र अध्यापिका आंचल ने बढ़ाया मान, राज्य स्तरीय...

कमला नेहरू कॉलेज की छात्र अध्यापिका आंचल ने बढ़ाया मान, राज्य स्तरीय टीचिंग प्लान स्पर्धा में प्राप्त किया तृतीय स्थान

25
0

कमला नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि एक सशक्त टीचिंग प्लान प्रभावी शिक्षण की नींव होता है। जब शिक्षक स्पष्ट उद्देश्य और योजना के साथ पढ़ाते हैं, तो विद्यार्थियों की समझ और सहभागिता बेहतर होती है।

कोरबा। बीते दिनों रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय टीचिंग प्लान स्पर्धा में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभावान छात्रा आंचल राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कोरबा को गौरवान्वित किया है। कमला नेहरू कॉलेज में बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा आंचल ने सामाजिक विज्ञान व भाषा श्रेणी से आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। साथ ही स्वाति निर्मलकर ने भी इस स्पर्धा में भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर उत्साहवर्धन करते हुए बुधवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने इन छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा संकाय की विभागाध्याक्ष डाॅ भारती कुलदीप, डाॅ रश्मि शुक्ला, श्रीमती प्रीति द्विवेदी, डाॅ अंजू खेस्स, नितेश यादव एवं शंकरलाल यादव उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय होगा कि कक्षा शिक्षण को सशक्त बनाने व उद्देश्य परक ज्ञान उपलब्ध कराने यह प्रदेशस्तरीय अंतर-महाविद्यालय टीचिंग प्लान प्रतियोगिता रायपुर में हुई। स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन ने कोलंबिया कॉलेज, रायपुर के सहयोग से स्पर्धा में भावी शिक्षकों ने कक्षा तैयारी का प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेशभर से आए प्री-सर्विस शिक्षकों ने भाग लिया। उत्कृष्ट भागीदारी पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए तथा विजेताओं को नकद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। रायपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर जिलों में दो चरणों में स्पर्धा हुई, जिसमें 11 कॉलेजों के छात्र-शिक्षकों ने भाग लिया। कुल 21 का चयन अंतिम चरण में हुआ, जिन्होंने अपने टीचिंग प्लान प्रस्तुत किए। अंतिम चरण में माइक्रो-टीचिंग के माध्यम से अपने टीचिंग प्लान का वास्तविक कक्षा जैसी परिस्थितियों में प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों में अवधारणाओं की स्पष्टता, प्रभावी शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों को जोड़ने की क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथियों के रूप में किशोर जाधवानी, चांसलर, कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, हरजीत सिंह होरा, प्रो-चांसलर, प्रो. रमन कुमार झा तथा डॉ. अरुण कुमार दुबे, प्राचार्य, कोलंबिया कॉलेज उपस्थित रहे। स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन की ओर से डॉ. एंटनी नेलिस्सेरी (हेड), पुष्पा चंदेल (चीफ मैनेजर, अकादमिक कंटेंट एवं डिजिटल लर्निंग), पंकज गुराव (असिस्टेंट मैनेजर दृ ऑपरेशंस), रघुनाथन नायर, रितेश कुमार, मनवेंद्र सिंह (प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर) और यश घाटगे (कम्युनिकेशंस) उपस्थित रहे।

सशक्त टीचिंग प्लान प्रभावी शिक्षण की नींव: डाॅ प्रशांत
विद्यार्थियों की इस सफलता पर कमला नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि एक सशक्त टीचिंग प्लान प्रभावी शिक्षण की नींव होता है। जब शिक्षक स्पष्ट उद्देश्य और योजना के साथ पढ़ाते हैं, तो विद्यार्थियों की समझ और सहभागिता बेहतर होती है। टीचिंग प्लान प्रभावी कक्षा शिक्षण का एक महत्वपूर्ण आधार है। यह शिक्षकों को पाठ्यवस्तु को व्यवस्थित करने, स्पष्ट शिक्षण उद्देश्यों को निर्धारित करने और छात्र-केंद्रित एवं रोचक शिक्षण गतिविधियों की योजना बनाने में मदद करता है। इस आयोजन के माध्यम से कॉलेज की इन होनहार छात्राओं ने अपने कौशल को राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया है, जो सराहनीय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here