कोरबा। समाज के पीड़ित वर्ग का दर्द समझकर राहत की राह बनाने हृदय में मानव के प्रति संवेदना के भाव को आत्मसात करना आवश्यक है। सेवा की यही मूल विधि समझने कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा के एमएसडब्ल्यू की छात्राओं ने नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित प्रशांति वृद्धाश्रम का शैक्षणिक भ्रमण किया। हसदेव तट पर मां सर्वमंगला मंदिर के समीप संचालित इस आश्रम में उन्होंने एक दिन गुजारकर सेवा प्रदान कर रहे स्वयंसेवकों और लक्षित वर्ग के बेसहारा बुजुर्गों के लिए उनके योगदान को करीब से जाना। समाज कार्य की मूल भावना को प्रत्यक्ष रूप से देखा और सेवा के लिए जीवन समर्पित करने वाले स्वयंसेवियों की जिम्मेदारियों से भी रूबरू हुए।
कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि समाज कार्य में प्रोफेशनल करियर स्थापित करने के लिए सामाजिक गतिविधियों की विधि और प्रबंधन को समझना आवश्यक है। यही उद्देश्य लेकर मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से जिले में चल रहे सामाजिक सेवा के कार्यों से रूबरू कराया जा रहा है। इसी कड़ी में महाविद्यालय के एमएसडब्ल्यू द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने मां सर्वमंगला मंदिर के समीप स्थित प्रशांति वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। समाजसेवी संस्था नवदृष्टि द्वारा संचालित केंद्र में आश्रय पाने वाले वृद्धजनों एवं उनका सहारा बन कार्य कर रहे स्वयंसेवकों के साथ वक्त बिताया। इस दौरान छात्राओं ने बुजुर्गों की देखभाल, आहार, स्वास्थ्य की फिक्र समेत उनका जीवन शांत व सुकूनमय बनाने की विधियों की जानकारी प्राप्त की। उनकी देखरेख करने वाले कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को समझने का भी प्रयास किया। प्रशांति वृद्धाश्रम का दायित्व निभा रहे स्वयंसेवी संस्था नवदृष्टि के प्रमुख, वरिष्ठ पत्रकार, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त सादिक शेख ने छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर उनका मार्गदर्शन किया। यह शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम कमला नेहरू महाविद्यालय में समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ विमला सिंह, श्रीमती कविता पटेल एवं विकास पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। छात्राओं ने स्वयंसेवी संस्था नवदृष्टि व इस पुनीत कार्य में भागीदार बन रही उनकी पूरी टीम द्वारा समाज के प्रति अर्पित किए जा रहे योगदान का व्यावहारिक अध्ययन किया गया। भ्रमण के दौरान प्रमुख रूप से एमएसडब्ल्यू द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा गौरी नेताम, मुस्कान राजपूत, करुणा लहरे, पूजा केंवट, धारणा केंवट एवं विनीता नायक उपस्थित रहे।







