कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा के होनहार छात्र रुद्राक्ष पांडेय ने केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग अंतर्गत आयोजित 55वीं संभाग स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। अंडर-14 आयु वर्ग की बैडमिंटन स्पर्धा में रुद्राक्ष पांडेय ने तृतीय विजेता का खिताब हासिल करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके साथ ही छात्र का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए भी कर लिया गया है, जो संभवतः सितंबर माह में केरल में आयोजित होगी। यह दो दिवसीय संभागस्तरीय स्पर्धा 21 व 22 अप्रैल को महासमुंद में आयोजित हुई थी, जिसमें केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा के प्राचार्य एसके साहू के प्रोत्साहन एवं खेल शिक्षक अस्मित कुमार के मार्गदर्शन में उसने यह सफलता पाई। कक्षा 7वीं के छात्र रुद्राक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एनटीपीसी जमनीपाली की प्रभारी शाखा प्रबंधक श्रीमती नेहा पांडेय के सुपुत्र हैं। इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए माता-पिता ने उसे उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतिस्पर्धा में सफलता प्राप्त करने आशीर्वाद दिया है। साथ ही केवि-2 एनटीपीसी की ही होनहार छात्रा अन्वेषा निर्मलकर ने भी बालिका वर्ग में रजत पदक जीतकर नेशनल में जगह बनाई है।







