कोरबा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा कोरबा में अध्यनरत प्रथम वर्ष की छात्रा कु शिवांगी सिंह ने वन नेशन वन स्पिरिट कार्यक्रम के तहत फोटो स्टोरी प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
शिवांगी ने माई भारत जीओवी पोर्टल के माध्यम से आयोजित हर घर स्वदेशी आयोजन के 11 वाँ संस्करण में यह कमाल किया है। विदित हो कि विगत ग्यारह वर्षों से प्रतियोगिता का आयोजन होता रहा है जिसमें पहली बार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से छात्रा ने बाजी मारी है उक्त परीक्षा में पूरे देश भर से लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था । प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11000 रुपए की राशि एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाता है। कु शिवांगी सिंह पहले से ही मेधावी छात्र रही है उनका चयन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईं सी ए आर) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की क्युट परीक्षा के माध्यम से हुआ है। डॉ राजेश कुमार साहू अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय ने शिवांगी सिंह की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर प्रशंसा करते हुए बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से उनको कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा कोरबा में सीट आबंटित किया गया है तथा पढ़ाई के साथ विभिन्न क्रियाकलापों में भी संलग्न रहती हैं। माई भारत पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ रोशन भारद्वाज ने शिवांगी को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कु शिवांगी ने इस उपलब्धि के लिए क्रेडिट अपने माता पिता के आशीर्वाद को देते हुए कृषि महाविद्यालय कोरबा को धन्यवाद दिया है।







