कोरबा। गुरुवार को जिले के 12 केंद्रों में प्री-बीएड एवं 5 केंद्रों में बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। प्री-बीएड में पंजीकृत तीन हजार 714 में दो हजार 802 उपस्थित रहे, जबकि 912 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में मौजूदगी दर्ज नहीं कराई। इसी तरह बीएससी नर्सिंग की प्रवेश में परीक्षा के लिए कुल एक हजार 341 पंजीयन के विपरीत गुरुवार की परीक्षा में एक हजार 45 उपस्थित हुए, जबकि 296 अभ्यर्थी परीक्षा हाॅल नहीं पहुंचे। दोनों परीक्षाओं में कुल 5055 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। परीक्षा संचालन के लिए व्यापम की गाइडलाइन के अनुसार ऑब्जर्वर, केंद्राध्यक्ष, उड़नदस्ता दल की ड्यूटी लगाई गई थी।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की ओर से प्री-बीएड (बीएड-26) और बीएससी नर्सिंग (बीएससीएन-26) प्रवेश परीक्षा का आयोजन 11 जून 2026, गुरुवार को किया गया। कोरबा जिले में प्री-बीएड के लिए 12 और बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की गई थी। परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने नोडल अधिकारी समेत अमला मुस्तैद रहा।







