कोरबा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश महामंत्री विपिन यादव ने कोरबा जिलाधीश एवं आयुक्त को एक पत्र सौंपकर जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य में लगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को कर्तव्य प्रमाण पत्र और मानदेय जारी करने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिला कोरबा के सैकड़ों प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों ने अपने ग्रीष्मावकाश (विश्रामावकाश) की अवधि में राष्ट्रीय महत्व के कार्य ‘जनगणना 2027’ के प्रथम चरण (मकानसूचीकरण व मकानों की गणना) को अत्यंत निष्ठा और तत्परतापूर्वक पूर्ण किया है।
अर्जित अवकाश के लिए कर्तव्य प्रमाण पत्र है अनिवार्य।
फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री विपिन यादव ने बताया कि शिक्षा विभाग के नियमानुसार, विश्रामावकाश की अवधि में शासकीय कार्य करने वाले शिक्षकों को उसके एवज में अर्जित अवकाश (Earned Leave) का लाभ दिया जाता है। इस लाभ को प्राप्त करने के लिए शिक्षकों को अपने संबंधित विभाग में ‘कर्तव्य प्रमाण पत्र’ (Duty Certificate) जमा करना अनिवार्य होता है।
“शिक्षकों ने अपनी विश्रामावकाश का त्याग कर पूरी ईमानदारी से जनगणना का कार्य संपन्न किया है। अब उन्हें उनके हक का अर्जित अवकाश और मानदेय समय पर मिलना चाहिए।”
— विपिन यादव, प्रदेश महामंत्री
चार्ज अधिकारियों को निर्देश देने की मांग
छ.ग. सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने जिलाधीश महोदय एवं आयुक्त महोदय से सादर अनुरोध किया है कि वे इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जिले के सभी संबंधित चार्ज अधिकारियों (Charge Officers) को तत्काल निर्देशित करें, ताकि ड्यूटी करने वाले सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक शिक्षकों को बिना किसी प्रशासनिक विलंब के कर्तव्य प्रमाण पत्र और उनका मानदेय जारी किया जा सके।








