केंद्रीय विद्यालय 2 एनटीपीसी के होनहार छात्र देवेन्द्र कंवर ने अंडर 17 बाक्सिंग केविएस नेशनल में जीता स्वर्ण पदक, एसजीएफआई के लिए चयनित, माता-पिता के साथ खेती में भी हाथ बंटाता है, आर्मी अफसर बनना चाहता है देवेन्द्र, इस सफलता के लिए निरंतर प्रोत्साहित करते रहने खिलाड़ी और परिजनों ने प्राचार्य एसके साहू व खेल शिक्षक अश्मित कुमार का जताया आभार।
कोरबा। पंजाब में हुई केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय मुक्केबाजी स्पर्धा में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा के होनहार खिलाड़ी देवेन्द्र कंवर ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उसने पहली बार नेशनल खेला और यह गोल्डन पंच लगाया। बलगी निवासी देवेन्द्र के पिता रामायण सिंह कंवर पेशे से मजदूर हैं, जो मेहनत-मशक्कत कर कठिन हालातों में तीन बच्चों के परिवार की आजीविका चलाते हैं। दूसरी ओर यूट्यूब के वीडियो से तकनीकें सीख देवेन्द्र ने घर पर किए गए कड़े अभ्यास के जरिए नेशनल चैम्पियन का तमगा हासिल किया। मां श्रीमती द्रौपती कंवर ने बताया कि उनके पुत्र ने बहुत मेहनत की। उसका सपना आर्मी अफसर बनना है, जिसके लिए वह रोज सुबह 4 बजे उठकर लम्बी दौड़ लगाता है, फिर दिन के वक़्त पढ़ाई और शाम को 2 से 3 घण्टे घर में ही अभ्यास करता है। समय-समय पर माता-पिता के साथ खेती में भी हाथ बंटाता है।
एलपीयू यूनिवर्सिटी पंजाब में 22 से 25 जुलाई तक केविएस द्वारा विभिन्न इवेंट की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुक्केबाजी स्पर्धा के अंडर 17 आयु वर्ग में रायपुर रीजन का प्रतिनिधित्व करते हुए कोरबा के मुक्केबाज देवेन्द्र ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतकर अपने परिवार, जिले और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। स्पर्धा में रायपुर रीजन की टीम का नेतृत्व कर रहे केवि-2 एनटीपीसी कोरबा के खेल शिक्षक अश्मित कुमार ने बताया कि देवेन्द्र एक बेहद मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी है। उसकी निरंतर मेहनत, लगन और संघर्ष का ही परिणाम है कि उसने राष्ट्रीय स्तर पर यह स्वर्णिम सफलता हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवेन्द्र भविष्य में भी देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाएंगे। देवेन्द्र की इस उपलब्धि पर प्राचार्य एसके साहू, शिक्षकों, खेल प्रेमियों, परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं हैं। वह पढ़ाई में भी अच्छा है और 9वीं उसने ए ग्रेड प्राप्त किया था। मां सुमेधा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। उसकी बड़ी बहन प्रियंका एमएससी अंतिम व छोटा भाई नमन 8वीं का छात्र है।
8 साल का सूखा खत्म कर KV NTPC को दिलाया राष्ट्रीय में विनर का तमगा, ऐतिहासिक पल: प्राचार्य SK साहू
इस सम्बन्ध में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 एनटीपीसी कोरबा के प्राचार्य एसके साहू ने कहा कि आज हमारे विद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। कक्षा 10वीं ए के विद्यार्थी देवेंद्र कंवर ने बॉक्सिंग अंडर 17 में गोल्ड मेडल जीता और एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के लिए चुने गए। श्री साहू ने बताया कि देवेन्द्र ने इस सफलता से 8 साल बाद यह उपलब्धि दिलाकर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।







