श्री श्री नवदुर्गोत्सव समिति NTPC कोरबा द्वारा 34वें वर्ष की गई प्रतिमा स्थापित
कोरबा/जमनीपाली। आस्था, शक्ति और उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्रि क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एनटीपीसी कोरबा टाउनशिप स्थित श्री श्री नवदुर्गोत्सव समिति इस वर्ष अपनी स्थापना का 34वाँ वर्ष बेहद भव्य और ऐतिहासिक रूप में मना रही है। तीन दशकों से भी अधिक समय से निरंतर संस्कृति और आस्था की अलख जगाने वाली इस समिति ने इस बार उत्सव को भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
समिति के अध्यक्ष रवि कान्त कश्यप ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को एक विशेष पारंपरिक थीम पर सजाया जा रहा है। अनुभवी मूर्तिकारों के सहयोग से मां दुर्गा की बेहद सौम्य और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल की विद्युत साज-सज्जा और डिजिटल लाइटिंग श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समिति के महासचिव विपुल कुमार ने बताया कि 34वें वर्ष के महोत्सव में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरों, वालंटियर्स की तैनाती और पीने के पानी व प्राथमिक चिकित्सा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
समिति के सदस्यगण सागर दुआ, दीपक सिंह, रामचंद्रन एमके एवं सत्येंद्र सिंह समेत पूरी टीम लगातार सहयोग प्रदान कर माता की सेवा में जुटे हुए हैं।
श्री श्री नवदुर्गोत्सव समिति की ओर से क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार पंडाल पहुंचने की अपील की गई है। उन्होंने आग्रह किया है कि सभी भक्तजन महाआरती और धार्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर जगतजननी माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस 34वें वर्ष के महोत्सव को सफल बनाएं।







