आज नगर निगम समेत कोरबा नगरीय निकाय चुनाव 2025 के फैसले का दिन है। अगर संजू देवी राजपूत जीतीं तो कोरबा की पहली महापौर सुश्री श्याम कंवर के बाद भाजपा को और उषा तिवारी जीतीं तो रेणु अग्रवाल के बाद कांग्रेस को दूसरी “मैडम मेयर” मिलेगी। साल 2000 में गठित 25 वर्ष के कोरबा निगम के लिए कुल 11 उम्मीदवारों के बीच यह छठवें महापौर की चेयर का निर्णय होने जा रहा है।
कोरबा। इस बार निकाय चुनाव में 61.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस नगर निगम के 66 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 277 प्रत्याशी थे। यहां 297 मतदान केंद्रों पर 2.67 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कोरबा जिले के 6 निकायों में नगर पालिक निगम कोरबा, नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा, नगर पालिका परिषद बांकी मोगरा, नगर पंचायत पाली और नगर पंचायत छुरीकला शामिल हैं।
बता दें कि कोरबा नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा से संजू देवी राजपूत और कांग्रेस से उषा तिवारी प्रमुख दावेदार है। आम आदमी पार्टी की लखनी साहू, बसपा की नंदनी साहू है वहीं निर्दलीय महापौर प्रत्याशी के तौर पर मालती किन्नर भी चुनाव मैदान में खड़ी है।
कोरबा जिले में मतगणना स्थल निर्धारित कर दिया गया है। नगर पालिक निगम कोरबा, नगर पालिका परिषद दीपका और नगर पालिका परिषद बांकी मोगरा के वोटों की गिनती इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IT) कॉलेज झगरहा में हो रही है। मतगणना के लिए 66 टेबल लगाए हैं। ईवीएम की मतगणना के लिए 4 कक्ष में वार्डवार 67 टेबल लगाए गए हैं। रिटर्निग ऑफिसर द्वारा डाक मतपत्रों की गणना के लिए अलग से एक कमरे में 7 टेबल लगाए गए हैं। अंत में महापौर के चुनाव का रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
कटघोरा व छुरीकला की काउंटिंग शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय में
नगर पालिका परिषद कटघोरा और नगर पंचायत छुरीकला की काउंटिंग शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में होगी। नगर पंचायत पाली की मतगणना मंगल भवन नगर पंचायत पाली में ही शुरू हो चुकी है।