Home छत्तीसगढ़ पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा, जिला कोरबा में संकुल स्तरीय...

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा, जिला कोरबा में संकुल स्तरीय योग प्रतियोगिता का सफल समापन

सलोरा/कोरबा। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा, जिला कोरबा में आयोजित बिलासपुर संकुल स्तरीय योग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में बिलासपुर संकुल के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय बिलासपुर से 18, सूरजपुर से 15, सक्ति से 13, बलौदा बाजार से 5, सरगुजा से 10, मुंगेली से 5, कबीरधाम से 16, बेमेतरा से 12, कोरिया से 15 तथा कोरबा से 17 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में कुल 126 प्रतिभागियों ने योग की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के आधार पर 30 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन क्षेत्रीय स्तरीय योग प्रतियोगिता हेतु किया गया है। यह प्रतियोगिता जवाहर नवोदय विद्यालय, नयागढ़ (ओडिशा) में 27,28,29 जुलाई को आयोजित होगी, जहाँ चयनित विद्यार्थी बिलासपुर संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री जानकी प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों, एस्कॉर्ट शिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की खेलकूद शिक्षिका सुश्री अंजलि चौरसिया एवं श्री दीपांकर कोल द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

यह आयोजन नवोदय विद्यालय समिति द्वारा विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन तथा खेल भावना के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here