एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना में बैडमिंटन टूर्नामेंट इंडिपेंडेंस कप – 2026 आयोजित, सिंगल्स में देवांशी, अमन, गौतम, अवनीश और भूषण-जगदेव डबल्स के विजेता
कोरबा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना, कोरबा के तत्वाधान में आयोजित इंडिपेंडेंस कप – 2026 के दूसरे दिन कुल 43 मैच संपन्न हुए, दूसरे दिन की शुरुआत महिला वर्ग के मैच से हुई, महिला वर्ग के फाइनल में देवांशी बरेठ ने स्वाति सिंह को सीधे मुकाबले में 15-7, 15-7 से हराकर विजेता का खिताब जीता । पुरुष वर्ग के 20-35 आयु वर्ग में गौतम साहू ने करण को 15-9, 16-14 से हराकर ख़िताब जीता तथा पुरुष वर्ग के 35-50 आयु वर्ग में अवनीश पाठक ने ओमप्रकाश साहू को 15-9, 11-15, 15-9 को हराकर ख़िताब अपने नाम किया वहीं पुरुष वर्ग के 50 प्लस आयु वर्ग के डबल्स मुक़ाबले में भूषण और जगदेव की जोड़ी ने डॉ संजय और मनीष की जोड़ी को एक संघर्ष पूर्ण मुकाबले में 13-15, 15-10, 15-10 से हराकर ख़िताब जीता। पुरुष वर्ग 0-20 आयु वर्ग के पुरस्कार वितरण में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता को ट्रॉफी तथा इनाम राशि प्रदान की एवं खेल स्पर्धा की सराहना की। महिला तथा पुरुष वर्ग के अन्य मुकाबले के पुरस्कार वितरण समारोह में डॉ राजीव सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता तथा उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ साथ इनामी राशि भी प्रदान की। मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने फाइनल मैच का भरपूर आनंद लिया एवं खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है लेकिन सबसे बड़ी बात यह है की आप लोग खेल को खेल भावना के साथ खेल रहे हैं। उन्होंने एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के लिए कहा कि संस्था बैडमिंटन खेल के क्षेत्र में अच्छा कम कर रही है जो कि समय समय पर ऐसे आयोजन कराते रही है। जिससे कोरबा में बैडमिंटन के प्रति लोगों में रुझान बढ़ा है। संस्था में उपलब्ध कोचिंग सुविधा के कारण यहाँ के बच्चे प्रदेश स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
शून्य से 20 वर्ष में अमन विनर, एल्विन रहे उपविजेता
एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना, कोरबा के तत्वाधान में आयोजित इंडिपेंडेंस कप – 2026 के पहले दिन कुल 42 मैच संपन्न हुए, जो की पुरुष वर्ग के 0-20 वर्ष के खिलाड़ियों के बीच खेला गया, जिसमें अमन स्वर्णकार विजेता तथा एल्विन जैकब अजू उपविजेता रहे । फाइनल के संघर्ष पूर्ण मुकाबले में अमन ने एल्विन को 15-4, 15-12 से परास्त किया । फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक उपस्थित रहे और उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा की कोरबा में इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए जिससे यहां के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर कोरबा जिला बैडमिंटन संघ (KDBA) के संरक्षक अशोक शर्मा, एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल, सचिव मनीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स, KDBA के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा, डॉ शिरीन लाखे, समेत पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या पालक उपस्थित रहे।







