Home कोरबा प्रकृति-पर्यावरण, वन्य प्राणियों और मानव समाज के मध्य मित्रता का रिश्ता विकसित...

प्रकृति-पर्यावरण, वन्य प्राणियों और मानव समाज के मध्य मित्रता का रिश्ता विकसित करने में आप सभी स्टूडेंट्स की भूमिका महत्वपूर्ण है: डाॅ प्रशांत

Wildlife Week 2026 के तहत कमला नेहरू काॅलेज के प्राणीशास्त्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, हसदेव तट पर छात्र-छात्राओं ने किया श्रमदान, वन-प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण पर योगदान का लिया संकल्प

कोरबा। मानव स्वास्थ्य के साथ संपूर्ण जीव जगत को सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है। प्राणीशास्त्र के विद्यार्थी होने के नाते आप सभी युवाओं का यह नैतिक कर्तव्य है कि आप स्वयं जागृत हों और अपने मित्र-परिवारजनों व आस-पास के लोगों को भी प्रकृति के प्रति मित्रवत व्यवहार करने की दिशा में जागरुक करने प्रयासरत रहें। घर के समीप के जीव-जंतु हों या वन्य प्राणी और वनस्पति, सभी की सुरक्षा-संरक्षण में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पर्यावरण की देखभाल में प्लास्टिक कचरे का नियंत्रण भी शुद्ध व सेहत से भरपूर भविष्य के लिए आवश्यक है, जिसके लिए आप सभी अपना योगदान सुनिश्चित करें।

यह बातें बुधवार को वन्यजीव संरक्षण सप्ताह-2026 के अंतर्गत कमला नेहरू काॅलेज के प्राणीशास्त्र विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहीं। वन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देश एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा की भागीदारी में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर एमएससी स्टूडेंट वैष्णवी कंवर, अनुराधा कंवर, स्वाति रजक, निधि, अजय, तुषार गोयल, साक्षी, नंदिनी जायसवाल व प्रकृति समेत अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और वन-प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सशक्त सहभागिता दर्ज कराते हुए सार्थक योगदान अर्पित करने का संकल्प लिया। इसके बाद काॅलेज के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने हसदेव नदी के तट पर जाकर श्रमदान किया और प्लास्टिक एकत्र कर उनका उचित निपटान किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से प्राणीशास्त्र विभाग के प्राध्यापकों में डाॅ सुनीरा वर्मा, वेदव्रत उपाध्याय एवं श्रीमती निधि सिंह ने इस पहल में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here