कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की पहल : राष्ट्रीय स्तर के बाल रोग विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन, बदलती बीमारियों और उपचार की नई पद्धतियों पर होगा ज्ञान का आदान-प्रदान

कोरबा। कोरबा में छत्तीसगढ़ स्टेट PEDICON KORBA 2026 का आयोजन 23, 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की मेजबानी में होने वाले इस तीन दिवसीय बाल रोग सम्मेलन में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित विशेषज्ञ वक्ता शामिल होंगे। सम्मेलन के माध्यम से बाल चिकित्सा के क्षेत्र में बदलती बीमारियों, उपचार की नवीन पद्धतियों, चिकित्सा सुविधाओं तथा बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजन के अंतर्गत 23 अक्टूबर को कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्यशाला आयोजित की जाएगी। सुबह 11 बजे से श्री हरिकिशन पब्लिक स्कूल, टीपी नगर, कोरबा में होने वाली इस कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सक किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे इस उम्र में बच्चों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
यह कार्यशाला इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) की पहल OJAS – Optimising Juvenile & Adolescent Health in Schools से जुड़ी है। इस पहल के अंतर्गत बच्चों के पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली और सुरक्षा को महत्व दिया गया है। आयोजन की थीम ‘From Clues to Cure’ रखी गई है।
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ वक्ता अपने चिकित्सकीय अनुभव, सुझाव और उपचार से जुड़े नवीन पहलुओं को साझा करेंगे। चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच ऐसे आयोजन चिकित्सकों को नई जानकारियों से अवगत होने, आपसी अनुभव साझा करने और बाल चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करते हैं।
आयोजन में पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, डॉ. मधुश्री देशपांडे, डॉ. ओमेश खुराना और डॉ. माला चौधरी के नाम फैकल्टी के रूप में शामिल हैं। कार्यशाला के समन्वयक डॉ. धरमवीर सिंह हैं। सम्मेलन की मेजबानी कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स कर रही है।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बाल चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।
कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की पहल