बाल दिवस के अवसर पर कमला नेहरू काॅलेज में विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर किया सम्मानित
कोरबा। युवा पीढ़ी ही देश का वास्तविक भविष्य है। उनके भीतर असीम ऊर्जा व संभावनाएं छिपी होती हैं। पर जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बाल्यकाल या किशोर आयु से ही बच्चों के भीतर अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति का विकास बेहद आवश्यक है। आज के इस दिवस में आप सभी पंडित नेहरू के आदर्शों को याद करें, आत्मसात करें और केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि रचनात्मक कार्यों और समाज सेवा में भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
यह बातें शनिवार को कमला नेहरू महाविद्यालय में बाल दिवस पर हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कही। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उपहार में कलम भंेटकर सम्मानित-पुरस्कृत किया। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षा संकाय (बी.एड. विभाग) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बी.एड. के प्रशिक्षार्थियों ने बाल दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, रचनात्मकता एवं प्रतिभा प्रोत्साहन पर केंद्रित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें भाषण, कविता, प्रश्नोत्तरी, कथन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रमुख रहीं। प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने भी वक्ता की भूमिका निभाते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्र निर्माण में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिक्षा संकाय प्रभारी डाॅ भारती कुलदीप, डाॅ रश्मि शुक्ला, श्रीमती प्रीति द्विवेदी, राकेश गौतम, डाॅ अंजू खेस्स, नितेश यादव, शंकरलाल यादव एवं कुणाल दासगुप्ता समेत बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







