केंद्र एवं राज्य सरकार के सहकारिता मंत्रालय के दिशा निर्देशानुसार सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने 29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जा रहा है सहकारी सप्ताह, माँ भारती के तैलचित्र पर माल्यार्पण। सतरंगे सहकारिता ध्वज को फहराकर दी गई सलामी।
कोरबा। राज्य एवं केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के दिशा निर्देशानुसार, सहकारिता आंदोलन की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज से देशव्यापी ‘सहकारी सप्ताह’ की शुरुआत हो गई है। यह विशेष सप्ताह दिनांक 29 जून 2026 से 6 जुलाई 2026 तक पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में जिला कोरबा की सभी 60 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के सभी मुख्यालयों और जिला सहकारी बैंक की सभी 08 शाखाओ में एक साथ ध्वजारोहण कर इस गरिमामय कार्यक्रम का आगाज किया गया.
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अंतर्गत नोडल कार्यालय, शाखा कोरबा में आज सहकारी सप्ताह का गरिमामय आगाज किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहकारिता प्रकोष्ठ कोरबा के जिला संयोजक श्री ब्रजेन्द्रधर शर्मा थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर माँ भारती के तैलचित्र पर फूलमाला अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने सहकारिता के प्रतीक सतरंगे झंडे का ध्वजारोहण किया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कृषकों ने सहकारिता गान गाकर ध्वज को सलामी दी और सहकारिता के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
गणमान्य जनों की रही गरिमामय उपस्थिति
सहकारी सप्ताह के प्रथम दिवस के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री अमित पटेल, श्री कमलेश प्रधान, सदस्य श्री ब्रजेश कुमार यादव उपस्थित रहे।
बैंक प्रबंधन और कृषक बंधुओं का मिला साथ
संस्था की ओर से जिला सहकारी बैंक, जिला क्षेत्र कोरबा के नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी, सहायक नोडल मुकेश पटेल, शाखा प्रबंधक (कोरबा) श्रीमती सरिता पाठक, पर्यवेक्षक जमाल खान एवं बैंक स्टाफ से कुशल तिवारी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कृषक बंधु भी शामिल हुए, जिन्होंने सहकारिता के माध्यम से कृषि विकास और आपसी सहयोग को बढ़ाने का संकल्प लिया।







