20 प्रमुख मार्गों के डामरीकरण के लिए ₹24 करोड़ से अधिक की स्वीकृति, समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी कार्यस्थल पर पहुंचकर चल रहे डामरीकरण कार्यों का अवलोकन किया तथा नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कोरबा। कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर एवं सुगम बनाने की दिशा में डामरीकरण कार्य शनिवार से प्रारंभ हो गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कार्यस्थल पर पहुंचकर चल रहे डामरीकरण कार्यों का अवलोकन किया तथा नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र के 20 प्रमुख मार्गों के सड़क डामरीकरण कार्यों के लिए करीब ₹24 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन विकास कार्यों का भूमिपूजन 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर संपन्न हुआ था। इसके पश्चात शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण कार्य प्रारंभ किया गया।
निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी स्वीकृत डामरीकरण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही निर्माण कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने और आम नागरिकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश दिए।
शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण से नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा कोरबा के आधारभूत विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षण अभियंता श्री भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्रीमती रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन, श्री चंद्रलोक सिंह, श्री मुकुंद कंवर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा एवं श्री विजय गुप्ता जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।







