Home कोरबा अब अपनी खुद की स्कूटी ले सकेंगे होनहार स्टूडेंट, नोनी बाबू मेधावी...

अब अपनी खुद की स्कूटी ले सकेंगे होनहार स्टूडेंट, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा के तहत CM विष्णुदेव और श्रम मंत्री लखन ने 13 बच्चों को प्रदान किए चेक, आरक्षक भरत के लिए भी मदद की पहल

323
0
Oplus_0

रायपुर(thevalleygraph.com)। मुख्यमंत्री निवास रायपुर में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दूसरा जनदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश से अपनी फरियाद लेकर बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे। जनदर्शन को लेकर आम लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। यहां दिव्यांगजनों के लिए पृथक से व्यवस्था रखी गई थी और मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमवीरों के मेधावी बच्चों को किया सम्मानित। सीएम विष्णुदेव साय व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत प्रतिभावान बच्चों को दो-दो लाख रुपए के चेक प्रदान किए। इस सम्मान में प्रोत्साहन (Incentives) राशि और स्कूटी खरीदने के लिए सहायता राशि शामिल है। सीएम श्री साय और श्रम मंत्री श्री देवांगन ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य को प्राप्त करने कड़ी मेहनत की सीख देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर अभिभावक भी उपस्थित थे। 10वीं व 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 13 बच्चों को कुल 26 लाख रूपए का चेक वितरण किया गया।

आरक्षक भरत ने किया किडनी प्रत्यारोपण के लिए लंबित राशि जारी करने का आग्रह

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में आरक्षक भरत लाल बरेठ के किडनी प्रत्यारोपण के लंबित देयक के भुगतान के संबंध में उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। आरक्षक श्री बरेठ ने मुख्यमंत्री से मिलकर सेहत से संबंधित अपनी परेशानी बताई और उसकी गंभीर स्थिति से भी अवगत कराया। उन्होंने इलाज के लिए 4.55 लाख की शेष राशि के भुगतान कराए जाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए नियमानुसार कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।

स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि, दिव्यांगजनों के समीप पहुंचे सीएम और लिए उनके आवेदन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत, युग पुरुष स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। श्री साय ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि, स्वामी विवेकानंद जी के विचार अमूल्य हैं, जो सदियों तक हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिव्यांगों के पास खुद पहुंचे। उनसे चर्चा की और उनके आवेदन लिए। जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी परेशानी लेकर पहंुचे थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने संवेदनशीलता से उनकी बात सुनी और उनकी समस्या का त्वरित समाधान भी किया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here