December 9, 2023

मुंबई और वृंदावन की तर्ज पर कोरबा शहर में पहली बार मचेगी श्री कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, राजस्व मंत्री जयसिंह की पहल पर श्री राम दरबार में भव्य दही हांडी स्पर्धा कल

1 min read

देखिए वीडियो..कोरबा विधायक व छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सान्निध्य में गुरुवार 7 सितंबर को डीडीएम मार्ग स्थित श्री राम दरबार परिसर में धूम धाम से मनाया जाएगा श्री कृष्ण जन्मोत्सव।

कोरबा(theValleygraph.com)। क्या आपने कभी वृंदावन की तंग गलियों या मुंबई की चौड़ी सड़कों में जन्माष्टमी मनाई है। जहां ऊंची रस्सी पर लटकी माखन से भरी मटकी को तोड़ने का जोर देखने लोगों की भरी भीड़ चारों ओर दिखाई देती है। दही हांडी तक पहुंचने नटखट बाल ग्वालों का भारी शोर सुनाई देता है। ऐसा अनुपम आनंद अगर आप भी महसूस करना चाहते हैं, तो तैयार हो जाइए। उत्साह से भरे उत्सव का वही नजारा पहली बार आपको कोरबा में भी देखने को मिलने जा रहा है। इस गुरुवार श्री राम के दरबार में कान्हा जी के जन्म का महा उत्सव कुछ इसी अंदाज में मनाया जाएगा। युवाओं की टोली पिरामिड सजाएंगे और आप इस रोमांचक पल के साक्षी बनकर उनका हौसला बढ़ाएंगे।

धर्म और संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हुए राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की सुंदर परिकल्पना का ही यह परिणाम है, जो महाराष्ट्र और वृंदावन की तर्ज पर इस बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी की धूम सारे कोरबा में मचेगी। महानगरों की जन्माष्टमी हमारी ऊर्जानगरी कोरबा स्थित भव्य राम दरबार के प्रांगण में धूम मचाएगी। दहीहांडी फोड़ने ग्वालों की टोलियों में कठिन प्रतिस्पर्धा होगी। प्रतियोगिता जीतने वाली टोली को पुरस्कृत किया जाएगा।

उत्सव में शरीक होने जिलेवासियों को किया गया आमंत्रित

यह पहला अवसर होगा जब कोरबा जिले में कृष्ण जन्माष्टमी पर इस तरह की किसी प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। जिसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। महानगरों में इन्हें गोविंदा की टोली कहा जाता है। अब ऐसे गोविंदा की टोली कोरबा में भी लोगों को दिखेगी। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर इस वर्ष डीएम रोड स्थित श्री राम दरबार में सबसे बड़ा आयोजन रखा गया है। जहां बड़ी संख्या में जिलेवासियों को आमंत्रित किया गया है। राम भक्तों के लिए आस्था का केंद्र बने श्री राम दरबार में इस कृष्ण जन्माष्टमी पर गोविंदा टोलियों के लिए एक यादगार आयोजन रखा जा रहा है। जिसे देखने के लिए शहर के लोगों में भी उत्सुकता है।

विजेता टोलियों के लिए आकर्षक पुरस्कार
कोरबा के राम दरबार में युवाओं के लिए दही हांडी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। सफल युवाओं की टोली 51000 रुपये तक नगद पुरस्कार जीत सकेंगे। हाल ही में कोरबा विधायक और राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने शहर के डीडीएम मार्ग में श्रीराम के भक्तों के लिए भव्य राम दरबार का निर्माण कराया है, जो कोरबा में धर्म और भक्ति का प्रमुख केंद्र बन चुका है। मंदिर का संचालन अब राम दरबार ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। गुरुवार 7 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राम दरबार परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें युवाओं को खास अवसर भी मिलेगा। शाम को 5 से दही हांडी प्रतियोगिता के दौरान राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए युवाओं की टोली को रोटरी क्लब ऑफ कोरबा से पंजीयन करना होगा। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली युवाओं की टोली को 51000 रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले युवाओं को 31000 और 11000 रुपए के पुरस्कार से नवाजा जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © https://contact.digidealer.in All rights reserved. | Newsphere by AF themes.