कोरबा। आज दोपहर अचानक मौसम बदला और शाम चार से पांच बजे के बीच करीब 20 मिनट तेज बारिश हुई। इसके साथ ही शाम 7 बजे एक चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी में अगले 3 घंटों में कोरबा समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भारी बारिश, आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह शहर और ग्रामीण इलाकों में कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के बाद निकली तेज धूप और बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
शहर के कई हिस्सों में सुबह करीब 6 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रही। बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह हुई तेज बारिश, सड़कों पर भरा पानी
हालांकि दोपहर होते-होते मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण उमस काफी बढ़ गई। घरों, कार्यालयों और बाजारों में लोग गर्मी और चिपचिपाहट से परेशान नजर आए। पर शाम को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का असर अलग-अलग देखने को मिला। कई गांवों में काले बादल छाए रहे, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
मड़ई क्षेत्र में सुबह करीब 10 मिनट तक हुई तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया। वहीं निचले इलाकों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। दूसरी ओर कुछ गांव ऐसे भी रहे, जहां बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।







