रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित खेल अलंकरण समारोह में युवा बैडमिंटन खिलाड़ी मानस भट्टाचार्य को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘शहीद कौशल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। पुरस्कार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदान किया गया।
मानस भट्टाचार्य ने अंडर-19 राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप, भुवनेश्वर (ओडिशा) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि के लिए राज्य सरकार द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि मानस की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनके प्रदर्शन ने न केवल उनके परिवार और प्रशिक्षकों को गौरवान्वित किया है, बल्कि छत्तीसगढ़ के बैडमिंटन जगत में भी एक नई प्रेरणा पैदा की है।
मानस भट्टाचार्य की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों तथा छत्तीसगढ़ बैडमिंटन जगत ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम और ऊंचा करेंगे।







