मीठा, नमकीन और लजीज पकवानों का त्योहार दीपावली नजदीक है। तैयारियों के बीच बाजार में भी जायके की खुशबू हर ओर महसूस की जा सकती है। ऐसे में कहीं इस खुशबू में अमानक खाद्य पदार्थों की मिलावट त्योहारों के रंग में भंग न मिला दे, इसे लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों में दबिश देते हुए जहां सैंपल एकत्र किए, मानक के विपरीत पाए जाने पर खाद्य प्रतिष्ठानों पर जुर्माना भी ठोंका गया।
कोरबा। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि सोमवार 2 नवंबर को आयुक्त दीपक अग्रवाल और कोरबा जिलाधीश कुणाल दुदावत (IAS) के दिशा-निर्देश अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन, नगर निगम की संयुक्त टीम के द्वारा निहारिका कोरबा स्थित मधु स्वीट्स से खोवा का सैंपल, टीपी नगर स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली सैंपल जांच हेतु लिया गया। निहारिका स्थित रवि डेयरी, और लल्ला कैफे में खाद्य मानकों का पालन नहीं करने के कारण क्रमशः 3000 और 2000 का जुर्माना टीम के द्वारा लगाया गया। इसके बाद टीम के द्वारा टीपी नगर स्थित नेचुरल स्वीट्स में 3000 तथा सुगर क्राउन में 5000का जुर्माना टीम के द्वारा लगाया गया।







