Home कोरबा साडा कॉलोनी निहारिका के शिव मंदिर में चोरी, आधी रात दान पेटी...

साडा कॉलोनी निहारिका के शिव मंदिर में चोरी, आधी रात दान पेटी का ताला तोड़ते सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

107
0
कोरबा। उर्जाधानी कोरबा के साडा कॉलोनी निहारिका क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती आधी रात को चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा और एक मंदिर को अपना निशाना बनाया। निहारिका स्थित नगर निगम आवासीय परिसर के श्री शिव मंदिर में बीती रात सवा 12 बजे (12:13 AM) एक अज्ञात चोर ने दान पेटी का ताला तोड़कर रकम पार कर दी। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
आधी रात को वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
मिली जानकारी के अनुसार, साडा कॉलोनी निहारिका के नगर निगम आवासीय परिसर स्थित श्री शिव मंदिर में हर रोज की तरह रात को पट बंद होने के बाद सन्नाटा पसरा हुआ था। इसी बीच रात करीब 12:13 बजे एक अज्ञात शातिर चोर सूनेपन का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। चोर ने बेहद शातिराना अंदाज में मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़ा और उसमें श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से डाली गई दान राशि समेट कर रफूचक्कर हो गया।
सुबह जब मंदिर के सेवादार और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो दान पेटी का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। फौरन इसकी सूचना कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों और समिति के सदस्यों को दी गई। जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति आधी रात को ठीक सवा 12 बजे दान पेटी का ताला तोड़ता हुआ साफ नजर आया।
कई शासकीय विभागों के अफसर-कर्मी करते हैं निवास
गौर करने वाली बात होगी कि इस काॅलोनी व आस-पास नगर निगम के आला अफसरों के अलावा न्यायाधीश, बैंककर्मी और अन्य विभागों के कर्मी निवास करते हैं। ऐसे में नगर के सबसे पाॅश इलाके में इतने इत्मिनान के साथ दानपेटी का ताला तोड़ता अज्ञात व्यक्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। जब इतने पाॅश इलाके की सुरक्षा इतनी लचर है, तो बाकी क्षेत्रों का हाल क्या होगा, समझा जा सकता है।
श्रद्धालुओं में आक्रोश
आवासीय परिसर के बीचो-बीच स्थित इस प्रतिष्ठित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि चोरों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है कि वे अब आवासीय कॉलोनियों के अंदर घुसकर मंदिरों में चोरी करने से भी नहीं कतरा रहे हैं।
घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दी गई है। कॉलोनी वासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here