Home कोरबा ठिठुरती भोर में उदीयमान सूर्यदेव के दर्शन, जल में खड़े होकर अर्घ्य...

ठिठुरती भोर में उदीयमान सूर्यदेव के दर्शन, जल में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया और मांगी परिवार की खुशहाली

19
0

कोरबा। चार दिवसीय छठ महापर्व के चतुर्थ एवं अंतिम दिवस सोमवार की सुबह पम्प हॉउस समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के से ही घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाट पहुंचीं और जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्यदेव के दर्शन का इंतजार करती रहीं।

जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी और सूर्यदेव का उदय हुआ, घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया। महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान कई घाटों पर बैंड-बाजे की धुन और आतिशबाजी से माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। छठी मैया और सूर्यदेव के जयकारों से घाट गूंज उठे।

व्रती महिलाओं ने अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवार के सदस्य भी इस दौरान पूजा में शामिल रहे। किसी के हाथ में पूजा का सूप था तो कोई व्रती के साथ घाट पर खड़ा होकर सूर्यदेव की आराधना करता नजर आया।

36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रती महिलाओं का कठिन व्रत पूरा हुआ। कई परिवारों में अर्घ्य के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया गया। सुबह की पहली किरण, घाटों पर गूंजते छठ गीत, बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने छठ महापर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ विदाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here