अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे उम्मीदवार, उन्हें तो केवल जनता-जनार्दन के फैसले का इंतजार


मतदाताओं ने अपना फैसला ईवीएम के हवाले कर दिया है। इस बीच अपनी कोशिशों के बूते राहत महसूस कर रहे उम्मीदवारों का दावा है कि उनकी जीत सुनिश्चित है उन्हें तो केवल अब जनता जनार्दन के फैसले की घड़ी का इंतजार है। उन्होंने कहा कि- जनता के भरोसे और स्नेह का उन्हें सुखद परिणाम जरूर प्राप्त होगा।

कोरबा(theValleygraph.com)। मतदान के बाद चुनाव मैदान में भले ही शांति दिखाई दे रही है, पर अब पार्टी के दफ्तरों और प्रत्याशियों के घर से लेकर नुक्कड़ की दुकानों में परिणाम को लेकर मंथन शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में यही चर्चा हो रही कि कहां वे आगे हैं तो किस गली में थोड़ी और मेहनत करते तो बात बन जाती। उम्मीदों और संभावनाओं के बीच नतीजा तो ईवीएम में लॉक हो चुका है, जिसका इंतजार सभी को है। पर अभी की स्थिति में सबको अपनी अपनी कोशिशों पर पूरा भरोसा है। कोरबा जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशी से लेकर पार्टी के लीडर जीत का दावा कर रहे हैं। आइए जानते हैं, कि किसने क्या कहा।

जिस भाव से मैंने सेवा की, उसी विश्वास से मिलेगा विजयश्री: जयसिंह अग्रवाल

कोरबा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि इस बार मतदान में लोगों में जैसी ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला, वह इशारा करता है कि जनता मेरे साथ है। अपने जनसंपर्क अभियान, सभाओं और रैली में लोगों को स्वस्फूर्त शामिल होकर मैंने जनसैलाब बनते देखा। हर क्षेत्र में माताओं-बहनों का भरपूर आशीर्वाद और समर्थन मिला। मैंने महसूस किया कि जिस समर्पण से जनता की सेवा की है, उसका सुखद फल चुनाव के नतीजों के रूप में प्राप्त होगा। कांग्रेस सरकार के 5 साल के कामकाज पर मतदाताओं ने मुहर लगाई हैं। हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति की फिक्र करते हुए उन जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाया, जिनकी उन्हें जरूरत थी। मेरा विश्वास है कि कोरबा विधानसभा में जीत सुनिश्चित तो है ही, छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।

लोगों से भरपूर समर्थन मिला, जीत भी जरूर मिलेगी : लखनलाल देवांगन।

कोरबा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा कि जनता ने भाजपा शासन का काम देखा है। आज लोगों के दिलो दिमाग में विवशता से मुक्त होने केवल बदलाव की सोच है। उन्होंने भाजपा का शासन देखा है। उस शासनकाल में किए गए कार्यों को जनता याद करती है। जनसंपर्क के दौरान हर वार्ड, गली-मोहल्ले में भ्रमण किया और यही समझा की जनता अब बदलाव चाहती है। लोगों से भरपूर समर्थन मिला है और भाजपा से एक उम्मीद जताई है, जिसका परिणाम तीन दिसंबर को दिखाई देगा। भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र की जनता ने भी आने वाले परिवर्तन के लिए काफी संघर्ष किया है। स्पष्ट बहुमत से हम न केवल कोरबा में जीत दर्ज कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कोरबा विधानसभा की जनता भाजपा जीत सुनिश्चित करेगी।

इस बार लोगों ने थामा आप का दामन, बड़ी जीत का विश्वास : विशाल केलकर

आम आदमी पार्टी से कोरबा विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर विशाल केलकर ने कहा कि लोग अब जागरूक हो चुके हैं। वे जानते हैं कि युवा और शिक्षा ही देश-समाज के विकास का आधार हैं और यह तभी संभव हो सकता है, जब क्षेत्र की कमान भी शिक्षित युवाओं के हाथ सौंपी जाए। इस बार के चुनाव में जनता ने भी बड़ी सोच रखते हुए मतदान किया है। आम आदमी पार्टी के कार्यों को सारे देश ने देखा है। कोरबा में भी एक बड़ा वर्ग आम आदमी पार्टी का समर्थक है। लोग समझ चुके हैं कि अगर विकास का बदलाव लाना है तो पढ़े लिखे को अवसर देना ही होगा। इस बार मतदान में लोगों ने क्षेत्र विकास के लिए आम आदमी पार्टी के एकमात्र विकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। जनता की मंशा को समझते हुए ही मैं इस विश्वास के साथ कह सकता हूं कि कोरबा विधानसभा में इस बार हम बड़ी जीत सुनिश्चित करने जा रहे हैं।


दशकों से मिला साथ, आगे भी मिलेगा जनता का स्नेह : ननकीराम कंवर

रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार ननकीराम कंवर ने कहा कि पिछले तीन दशक से भी अधिक समय से मैंने इस क्षेत्र की न केवल सेवा की है, बल्कि पूरे रामपुर क्षेत्र के लोगों को अपना परिवार माना है। जनता ने भी हमेशा से मुझे अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है। भाजपा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याण के लक्ष्य से लोग भली भांति परिचित हैं। उनके विश्वास के लिए मैंने हर तरह की लड़ाई लड़ी है। कभी अपनों को साथ लेकर तो कभी उनके बगैर, पर हमेशा ही मैंने गलत के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाई है। उसी का परिणाम है जो एक बार फिर आने वाले नतीजों में दिखाई देगा और रामपुर विधानसभा में भारी मतों से भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। जनता के आशीर्वाद से हम फिर एक बार न केवल रामपुर में जीत दर्ज करने जा रहे हैं, बल्कि प्रदेश में भाजपा की सरकार भी काबिज करने जा रहे हैं।

रामपुर की जनता कांग्रेस का हाथ थामने तैयार : फूल सिंह राठिया

रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह राठिया ने कहा कि लोगों ने मतदान के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता ने भरपूर स्नेह प्रदान किया है। उन्हीं के भरोसे को आधार रखकर हम कह सकते हैं रामपुर विधानसभा में भारी मतों से हम जीत रहे हैं। बीते पांच वर्षों में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की लोक कल्याण की योजनाओं को देखा और जाना है। उसका सुखद परिणाम अगले माह नजर आएगा और एक बार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मतदाताओं ने जिस तरह उत्साह के साथ मतदान किया है। इससे साबित होता है कि कांग्रेस सरकार के 5 साल के कामकाज पर मतदाताओं ने मुहर लगाई हैं। रामपुर क्षेत्र की जनता भी यही चाहती है कि उनके क्षेत्र में भी कांग्रेस का हाथ उसी मजबूती के साथ थामें, ताकि उनके विकास की राह तैयार करने में प्रभावी भूमिका निभाई जा सके।

अभी देखा 5 साल का ट्रेलर, आगे भी जारी रहेगा जीत का सफर : पुरुषोत्तम कंवर

कटघोरा विधानसभा के मौजूदा विधायक व क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम कंवर ने जीत का दावा करते हुए कहा कि अभी लोगों ने कांग्रेस सरकार के 5 साल का ट्रेलर देखा है। जनता ने जैसा समर्थन दिया है, उसे देखकर पूरा विश्वास कि उन्हें एक बार क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलने जा रहा है। न केवल कटघोरा विधानसभा में विजयश्री मिल रही है, बल्कि कांग्रेस भारी मतों के साथ छत्तीसगढ़ में फिर से सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस ने जो कहा वह कर के दिखाया है। पहले की तरह मतदाताओं से किए गए वादे आगे भी निभाए जाएंगे। पिछले 5 साल सरकार ने जिस तरह किसान मजदूर हर वर्ग के लिए काम किया है, उसी का नतीजा है कि कांग्रेस की एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएंगे। जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कटघोरा क्षेत्र से हर वर्ग के लोगों ने कांग्रेस का साथ दिया है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले 3 दिसंबर को रिकार्ड मतों से हम जीत दर्ज करने जा रहे हैं।

भाजपा से जुड़ी जनता की उम्मीद, होगी भारी मतों से जीत : प्रेमचंद पटेल

कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव का इंतजार कर रही है। इस बार के मतदान में जिस उत्साह के साथ उन्होंने भागीदारी दर्ज कराई है, उससे यह समझना मुश्किल नहीं है कि बदलाव की बयार बह चुकी है और न केवल कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में, बल्कि इस बार प्रदेश में भाजपा की जनहितैषी सरकार काबिज होगी। डबल इंजन की सरकार से प्रदेश का विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि आम और खास समेत हर वर्ग की जनता ने भरपूर समर्थन दिया है। गांव गांव में दौरा करते हुए यह आभास हो गया है कि जनता क्या चाहती है। जनता की उम्मीदों के अनुरूप इस बार का परिणाम सभी को आश्चर्यचकित करने वाला होगा।अपने मतों का अमूल्य सहयोग प्रदान कर लोगों ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है और इस बार कटघोरा क्षेत्र से हम भारी मतों से जीत सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र विकास के अभियान का आगाज करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *