कलरिपयतु मार्शल आर्ट में 9 फीट ऊंचा किक लगाकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स में रितिक ने जीता रजत


छग से कलरिपयतु मार्शल आर्ट में 14 खिलाड़ी व 5 अधिकारी समेत शामिल हुई थी 19 सदस्यीय टीम

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कोरबा का नाम रोशन करते हुए खिलाड़ी रितिक कुमार सिंह रजत पदक जीता है। रितिक ने कलरिपयतु मार्शल आर्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। तमिलनाडु में आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रितिक को हाई किक इवेंट में 9 फीट की ऊंचाई पर किक लगाकर रजत पदक हासिल किया है।

कोरबा(thevalleygraph.com)। खेल व युवा कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार व तमिलनाडु राज्य शासन के संयुक्त तत्वावधान में 6वीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 का आयोजन 19 से 31 जनवरी के बीच तमिलनाडु के 4 अलग शहरों में किया गया। कलरिपयतु मार्शल आर्ट की प्रतियोगिताएं 27 से 29 जनवरीके मध्य तिरुचिरापल्ली में खेली गई। इस स्पर्धा में छत्तीसगढ़ से 14 खिलाड़ी व 5 अधिकारी शामिल हुए। कलरिपयतु खेल, खेल व युवा कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता है तथा खेल को राष्ट्रीय खेल, खेलो इंडिया यूथ गेम्सव स्कूल खेल में शामिल किया जा चुका है। कलरिपयतु भारत की प्राचीन मार्शल आर्ट है जिसे 9 वीं से 11 वीं शताब्दी के मध्य उत्तपन्न हुआ ऐसा माना जाता है जिसका उपयोग युद्ध मे किया जाता था। कलरिपयतु को सभी मार्शल आर्ट्स की जननी भी कहा जाता है।

छत्तीसगढ़ टीम में कुमारी रागिनी, आदित्य शेवरॉन, दिव्यानि, जैस्मिन, सोनम साहू, जिया जायसवाल, रितिक कुमार सिंह, विवेक सिंह, कृष सिंधु, आदित्य सिंह चंदेल, सहस्रांशु कांजी, अर्जुन कुमार चंद्रा, हर्षदीप साहू व आयुष कुमार यादव खिलाड़ी शामिल हुए। इस टीम के अधिकारियों में कोरबा से कमलेश देवांगन, बालोद से लखन कुमार साहू, हरबंश कौर कोच व रायपुर से अमन यादव, टीएन रेड्डी (खेल विभाग) ने मैनेजर की भूमिका में प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों के वापस लौटने पर सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य रेव्ह शिजू रोबेर्ट, सभी शिक्षक, सभी पालकगण, खेल अधिकारी दीनू पटेल, सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, ओलम्पिक संघ सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, खेल अधिकारी शिक्षा विभाग के आर टंडन व खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

कोरबा से सर्वाधिक खिलाड़ी, रितिक ने 5वीं यूथ गेम्स 2022 में भी जीता था पदक
छत्तीसगढ़ कलरिपयतु एसोसिएशन के महासचिव व छत्तीसगढ़ कलरिपयतु टीम के कोच कमलेश देवांगन ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदेश की टीम में 8 बालक व 6 बालिकाओं का चयन किया गया था। जिसमे सर्वाधिक 8 खिलाड़ी कोरबा जिले से चुने गए थे। रितिक कुमार सिंह ने 5वीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022, ग्वालियर में कलरिपयतु खेल में छत्तीसगढ़ राज्य को एक मात्र पदक दिलाया था। जिसके लिए संचालनालय खेल व युवा कल्याण विभाग रायपुर से एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया था। वर्तमान में रजत पदक प्राप्त करने पर रितिक को 1.5 लाख का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ से 17 खेल के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 4 खेल के खिलाड़ियों ने पदक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ राज्य का मान बढ़ाया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *