Home कोरबा कक्षा व किताबों की शिक्षा के साथ हमें अनुशासन और नेतृत्व करना...

कक्षा व किताबों की शिक्षा के साथ हमें अनुशासन और नेतृत्व करना सिखाता है खेल का मैदान: HOP केसी पात्रा

35
0

केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 एनटीपीसी में वार्षिक खेल दिवस समारोह आयोजित, पुरस्कृत हुए उत्कृष्ट खिलाड़ी

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा टाउनशिप के इस खेल मैदान में नजर आ रहे अतुल नन्हें प्रतिभाओं के बीच आकर काफी उत्साहित हूं। यहां खिलाड़ी की भूमिका में दिखाई दे रहे आप सब विद्यार्थियों में आने वाले कल का कीर्तिमान भविष्य देख सकता हूं। जिस तरह से अपने खेल कौशल के माध्यम से यहां के बच्चों ने कोरबा को प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर गौरवान्वित किया है, वह हमें हर्षित और गर्वित कर रहा है। इस मंच से मैं यही कहना चाहूंगा कि शिक्षा केवल आपकी कक्षा व किताबों में ही निहित और सीमित नहीं है। इसके साथ-साथ खेल का यह मैदान हमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और ऐसी अनेक बातें सिखाता है, जो जीवन और कामयाब भविष्य के निर्माण में काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए खूब मेहनत करो और खूब सीखो।

यह बातें केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा द्वारा शुक्रवार को आयोजित वार्षिक खेल दिवस समारोह में मुख्य अतिथि रहे विद्यालय के अध्यक्ष एवं एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख (एचओपी) केसी पात्रा ने छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहीं।समारोह में राष्ट्रीय, राज्य व जिला समेत अनेक स्तर पर विद्यालय, कोरबा व छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों देवेन्द्र कंवर, अन्वेंषा निर्मलकर, रुद्राक्ष पांडेय, आराध्या गोस्वामी, प्रेरणा चौहान, अधिकार द्विवेदी, टोपेश ठाकुर एवं तन्वी यादव समेत अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी बच्चों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुख्य अतिथि श्री पात्रा के अलावा शत्रुघन बेहरा (महाप्रबंधक ओएंडएम, एनटीपीसी कोरबा), केंद्रीय विद्यालय -2 एनटीपीसी के नामिक अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक सिविल अतुल श्रीवास्तव, एमके रजक (टाउनशिप जीएम) मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में खेल शिक्षक अस्मित कुमार ने बताया कि क्रिकेट स्पर्धा में सुभाष हाउस ने रमन हाउस को पराजित कर विजेता रहा। सुभाष हाउस से गौरव मैन आफ द मैच रहे। 100 मीटर दौड़ में कक्षा छठवीं से आठवीं में स्वर्णा सिंह प्रथम, बालक वर्ग में कुणाल आर्मो प्रथम, 9वीं से 12वीं में प्रेरणा चैहान व शौर्य सारथी प्रथम रहे। कार्यक्रम सफल बनाने खेल कोच नरेंद्र राजवाड़े, योगा कोच गितेश्वर वैष्णव, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर परवेज रजा ने योगदान दिया। मंच संचालन संस्कृत प्राध्यापक श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने किया।विजेता वही जो मैदान में उतरा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे : प्राचार्य एसके साहू

मुख्य अतिथि के अनुमति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और स्वागत-अभिनंदन पश्चात प्राचार्य एसके साहू ने वार्षिक खेल समारोह में स्वागत एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हार हमें अधिक मेहनत की प्रेरणा देती है और जीत और अधिक विनम्रता। इसलिए हार-जीत की फिक्र किए बगैर खुद को बेहतर करने खूब मेहनत करें और वही आपको सफलता की राह पर अग्रसर करेगा। श्री साहू ने कहा कि विजेता वही जो मैदान में उतरा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here