सरोज पांडेय के नामांकन में शहर प्रवास पर रहेगी छग सरकार.., भाजपा की ताकत दिखाएंगे स्वयं CM विष्णुदेव, OP, अरुण-श्याम, धरम-लखन और राम विचार


भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद और कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय गुरुवार 18 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। उनके नामांकन के दौरान सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ सरकार शहर प्रवास पर रहेगी। नॉमिनेशन से पहले महारैली और फिर एक विशाल जनसभा भी आयोजित की जाएगी। इसके पहले सुश्री सरोज पांडेय बुधवारी बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और उसके बाद घंटाघर ओपन थिएटर में सभा आयोजित होगी। दिग्गजों के जमावड़े के बीच सभा में करीब 15 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जहां कार्यकर्ताओं के समक्ष भाजपा प्रत्याशी के लिए जनता को संबोधित किया जाएगा। इसके बाद स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुआई में पूरी टीम द्वारा भाजपा की ताकत दिखाई जाएगी। इस दौरान CM विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक और कृषि मंत्री राम विचार नेताम समेत तमाम दिग्गजों की टोली निर्वाचन कार्यालय की ओर बढ़ेंगे।

कोरबा(theValleygraph.com)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद और कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय गुरुवार 18 अप्रैल को अपना नॉमिनेशन फाइल करेंगी। उन्हें पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विजय दिलाने के संकल्प के साथ भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में भव्य नामांकन रैली और विशाल जनसभा आयोजित करने की तैयारी की गई है। भाजपा के विजय शंखनाद के साथ इस जनसभा में मुख्यमंत्री समेत मंत्रीगण व दिग्गज नेता शामिल होकर अपना संबोधन डेंग। शहर के ओपन थिएटर में आयोजित होने वाली जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थिति दर्ज कराएंगे। बड़े भाजपा नेताओं में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक रेणुका सिंह, विधायक भैयालाल राजवाड़े, विधायक प्रणव मरपच्ची, भाजपा के प्रदेश मंत्री विकास महतो, कोरबा लोकसभा क्षेत्र के चारों जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, कृष्ण बिहारी जायसवाल, अनिल केशरवानी, कन्हैया सिंह राठौर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी व आला पदाधिकारी शामिल होंगे।

ओडिशा के लोक कलाकार, वाद्ययंत्र से प्रदर्शन, धार्मिक गुरु भी करेंगे शिरकत

सुश्री पांडेय नामांकन रैली से पूर्व कोरबा शहर के बुधवारी बाजार महाराणा प्रताप चौक स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में सुबह 11:30 बजे पूजा और दर्शन करेंगी। इस के बाद शहर के घंटाघर ओपन थियेटर में आयोजित जनसभा में शामिल होंगी। भाजपा कार्यकर्ताओं का पहले ओपन थियेटर में एकत्रीकरण होगा। जनसभा के बाद नामांकन रैली प्रारंभ होगी। पार्टी के जिला के पदाधिकारियों ने बताया कि रैली को लेकर खास तैयारी की गई है। रैली में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कर्मा नृत्य व ओडिशा के लोक कलाकार शामिल होंगे, जो रैली में दलबल के साथ वाद्ययंत्र के जरिए प्रदर्शन करते हुए रैली के आगे चलेंगे। इसी तरह रैली में भाजपा का रथ भी होगा, साथ ही ढोल नगाड़े और डीजे के साथ रैली निकलेगी। इस महारैली में अलावा सभी समाज एवं जाति के प्रमुख व धार्मिक गुरु भी शिरकत करेंगे

इस महारैली का जगह जगह होगा अभिनंदन

सुश्री पांडेय की नामांकन रैली और विजय शंखनाद जनसभा में युवा, महिला, बुजुर्ग, किसान, समेत 15000 से अधिक संख्या में लोगों के शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें कोरबा लोकसभा के आठों विधानसभा से आए भाजपा कार्यकर्ताओं व जनता जनार्दन शामिल होकर सुश्री पांडेय को पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विजय दिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। इस भव्य नामांकन रैली व विशाल जनसभा को सफल बनाने की जोर-शोर से तैयारी की गई है। नामांकन रैली का जगह जगह स्वागत भी किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *