संविधान के नियमों के बिना जीवन और कार्यक्षेत्र, सबकुछ अस्तित्वहीन है : अध्यक्ष किशोर शर्मा


कमला नेहरू महाविद्यालय में धूम धाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस का उत्सव, अध्यक्ष किशोर शर्मा ने फहराया तिरंगा

कोरबा(theValleygraph.com)। कमला नेहरू महाविद्यालय में 75वें गणतंत्र दिवस का उत्सव धूम धाम से मनाया गया। महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संविधान में निर्धारित नियम हमारे जीवन, देश व समाज की दशा-दिशा और राह निश्चित करते हैं। चाहे वह समाज के द्वारा बताए गए संविधान हों, कानून के द्वारा बताए गए संविधान हों या स्व परिमार्जित होकर निर्मित स्वयं के जीवन के लिए, स्वयं की कर्तव्य पारायणता के लिए परिमार्जित संविधान हों, उनका पालन सुनिश्चित कर अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन ही हमें एक जिम्मेदार व जागरुक नागरिक की पहचान देता है। बगैर संविधान के नियमों के जीवन और कार्यक्षेत्र ही नहीं, सबकुछ अस्तित्वहीन माना जाता है।

महाविद्यालय प्रांगण में 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व गरिमामय वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर के मुख्य अतिथि रहे महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने तिरंगा फहराया और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रदान की। महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि देश, समाज और युवाओं को उच्च शिक्षित करने के प्रति अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान से प्रदत्त अपने अधिकारों को जानने और उनका हर हाल में पालन करते हुए कर्तव्यों का निर्वहन हम सभी की जिम्मेदारी है। हम अपने कर्तव्य पथ पर चलकर ही अपने महाविद्यालय, अपने विद्यार्थियों और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रखने में अपना योगदान दें। तिरंगा फहराने के साथ ही सभी ने राष्ट्रगान गाया।

विद्यार्थियों ने संगीत की मधुर धुन में सुमधुर प्रस्तुति से सभी को भाव विभोर कर दिया। समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने भी आशीर्वचन प्रदान करते हुए छात्र-छात्राओं को संबोधित और प्रेरित किया। विद्यार्थियों और कनिष्ठ प्राध्यापकों ने वरिष्ठजनों को भारतीय संस्कृति और परंपरा का अनुसरण करते हुए चरण वंदन कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान प्रमुख रूप से समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष लोकेश्वर सिंह तोमर, समिति के सहसचिव उमेश लाम्बा, कॉलेज के सभी विभागप्रमुख, सहायक प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *