एक्टिव और आकर्षक साइंटिफिक मॉडल प्रस्तुत कर जेएनवी के स्टूडेंट्स ने दिखाई अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा


सलोरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय कोरबा में विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं प्राचार्य शांति मोहंती ने प्रदान किया मार्गदर्शन।

कोरबा(theValleygraph.com)। जवाहर नवोदय विद्यालय सलोरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुई। तत्पश्चात महान वैज्ञानिक डॉ सीवी रमन के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भौतिक विज्ञान शिक्षक लोकचंद सोनटके ने मुख्य अतिथि प्राचार्य का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। तत्पश्चात विज्ञान विषय के महत्व के बारे में विद्यालय के छात्र मास्टर मुकेश कुमार, अनोखी तथा छात्रा तानवी सोनटके ने विज्ञान दिवस के विषय पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यालय के रसायन विज्ञान शिक्षक व प्रदर्शनी को कोऑर्डिनेटर संतोष चौरसिया ने इस प्रदर्शनी से संबंधित विभिन्न मॉडलों के ऊपर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में बने मॉडल मुख्य रूप से छोटे-छोटे दैनिक उपयोग से बनी सामग्री व विज्ञान विषय के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित है।

इसका मुख्य उद्देश्य विज्ञान विषय को रोचक और मजेदार बनाना है इस प्रदर्शनी में कुल छात्र छात्राओं द्वारा 34 माडल बनाए गए थे। 10 मॉडल कक्षा छठवी, 11 मॉडल कक्षा सातवीं, 13 मॉडल 8वीं के बच्चों ने बनाए। इसी कार्यक्रम में कक्षा 9वीं के बच्चों 45 पोस्टर बनाए, जो विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित थे। चौरसिया ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य आयोजन बच्चों के अंदर से विज्ञान विषय के डर को कम कर उनके ज्ञान के स्तर को बढ़ाना है, ताकि विद्यालय ताकि विद्यार्थी इसे रोचक विषय के रूप में ले सकें। कार्यक्रम में गोल्डी अग्रवाल, हर्ष मार्को, राधिका व अनंतकाक्षी द्वारा बनाए गए मॉडलों ने सबका मन मोह लिया। प्राचार्य ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इसी प्रकार और बेहतर प्रयास करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने इस श्रेष्ठ कार्यक्रम के आयोजन के लिए विज्ञान संकाय के हेड लोकचंद सोनटके और रसायन विज्ञान शिक्षक संतोष कुमार चौरसिया और विज्ञान शिक्षक इंदु वर्मा की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीएस पांडेय, अंजली चौरसिया, अनिमा लकड़ा, रामावतार साकरे अखिलेश नामदेव समेत अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

बच्चों ने विज्ञान के विविध विषयों पर बनाई रंगोली

विद्यालय की प्राचार्य शांति मोहंती ने बच्चों को बताया कि वे ज्यादा से ज्यादा अनुभव करके सीखने का प्रयास करें ताकि उनको यह ज्ञान जीवन पर्यंत काम आ सके इस दौरान उन्होंने बच्चों को समझाइश दी कि वे अपने आसपास की घटनाओं को ध्यान से देखें। उसमें विज्ञान के कौन-कौन से सिद्धांत प्रयोग हो रहे हैं, उसे खोजने का प्रयास करें। विद्यालय के प्राचार्य व समस्त स्टाफ ने बच्चों के बनाए मॉडलों का अवलोकन किया गया तथा इससे संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रश्नों को पूछा गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *